सचिन तेंदुलकर का MCA को खास तोहफा, म्यूजियम को भेंट करेंगे 26 बल्ले और यादगार वस्तुएं

सचिन तेंदुलकर अपने करियर के 26 खास बल्ले और हेलमेट, जर्सी समेत कई यादगार चीजें मुंबई के शरद पवार क्रिकेट म्यूजियम को भेंट करेंगे।

Nov 11, 2026 - 16:29
 0  0
सचिन तेंदुलकर का MCA को खास तोहफा, म्यूजियम को भेंट करेंगे 26 बल्ले और यादगार वस्तुएं

क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के बल्ले से निकले शॉट्स ने दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों को अनगिनत यादें दी हैं। अब फैंस को उन यादगार पारियों में इस्तेमाल किए गए बल्लों को करीब से देखने का मौका मिलेगा। सचिन अपने करियर के 26 खास बल्ले और कई अन्य यादगार चीजें मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन यानी MCA के शरद पवार क्रिकेट म्यूजियम को भेंट करने जा रहे हैं।

16 नवंबर को होगा खास संग्रह का अनावरण 

सचिन के इस खास कलेक्शन में वे बल्ले भी शामिल होंगे, जिनसे उन्होंने अपने 100 इंटरनेशनल शतकों में से कुछ यादगार शतक लगाए थे। इसके अलावा उनके हेलमेट, जर्सी और करियर के महत्वपूर्ण मौकों से जुड़े निजी नोट्स भी म्यूजियम में प्रदर्शित किए जाएंगे। इस खास संग्रह का अनावरण 16 नवंबर को एक विशेष कार्यक्रम में किया जाएगा। इस प्रदर्शनी का नाम बैटोग्राफी रखा गया है। इसके जरिए सचिन के शानदार क्रिकेट सफर को उनके अलग-अलग दौर में इस्तेमाल किए गए बल्लों के जरिए दिखाया जाएगा। खास बात यह है कि इस प्रदर्शनी का अनावरण उनके इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने की 13वीं वर्षगांठ पर होगा।

सचिन ने 16 नवंबर 2013 को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने करियर का 200वां और आखिरी टेस्ट मैच खेला था। इसी के साथ उनके 24 साल लंबे इंटरनेशनल क्रिकेट करियर का अंत हुआ था। MCA म्यूजियम में सचिन के लिए एक विशेष सेक्शन तैयार किया जाएगा। यहां आने वाले क्रिकेट प्रेमी उनके करियर के ऐतिहासिक पलों और उपलब्धियों से जुड़ी चीजों को करीब से देख सकेंगे।

MCA अध्यक्ष ने जताई खुशी

MCA अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने इस पहल पर खुशी जताते हुए कहा कि बैटोग्राफी के जरिए हम MCA म्यूजियम में एक अनूठा आयाम जोड़ रहे हैं। इससे दर्शकों को उन उपलब्धियों के पीछे की कहानी को उन्हीं चीजों के माध्यम से जानने का मौका मिलेगा, जिनकी मदद से ये उपलब्धियां हासिल की गई थीं। उन्होंने आगे कहा कि हम सम्मानित महसूस कर रहे हैं कि सचिन ने अपनी इन बेशकीमती चीजों को MCA के साथ साझा करने का फैसला किया है। इससे उनकी असाधारण विरासत क्रिकेट प्रेमियों की आने वाली पीढ़ियों के लिए भी उपलब्ध रहेगी।

साभार