इंग्लैंड के दिग्गज ने पाकिस्तानी बल्लेबाजों का उड़ाया मजाक, कहा- सेकंड डिवीजन काउंटी टीम...
इंग्लैंड ने पाकिस्तान को पहले टेस्ट में बुरी तरह हराया था. दूसरे टेस्ट में भी बाबर आजम की टीम हार की कगार पर है. इस बीच इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने पाकिस्तानी बल्लेबाजी का मजाक उड़ाया है.
इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान की टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 110 रन ही बना सकी. इससे पहले इंग्लैंड ने पाकिस्तान को पहले टेस्ट में पारी और 103 रनों से हराया था. उस मैच में भी पाकिस्तान की टीम पहली पारी में 171 और दूसरी पारी में 135 रन ही बना सकी थी. इस बीच इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कड़ी आलोचना की है. वॉन ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी की तुलना 'सेकंड डिवीजन काउंटी क्रिकेट' से की है.
माइकल वॉन ने इंग्लैंड के गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा कि यह एक अच्छा अटैक है, और इसमें बहुत क्षमता है. मुझे लगता है कि वे सभी बेहतर हो सकते हैं. जब आपके पास चार गेंदबाज अच्छी गेंदबाजी कर रहे हों तो यह इंग्लिश क्रिकेट के लिए बहुत अच्छा संकेत है. अभी और भी बहुत कुछ बाकी है.
वॉन ने कहा, "मैं पूरी ईमानदारी से कहूंगा. इंग्लैंड के गेंदबाजों को बिल्कुल भी चुनौती नहीं मिल रही है. पाकिस्तान बैटिंग लाइनअप शायद सबसे आसान बैटिंग लाइनअप है. मुझे लगता है कि एक गेंदबाज के तौर पर, वे सभी गेंदबाजी के लिए लाइन में लगे हैं. उन्हें पता है कि वहां विकेट हैं. ओली रॉबिन्सन, जोफ्रा आर्चर और जोश टंग ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी के तहस-नहस कर दिया."
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने आगे कहा, "मुझे लगता है कि वे सभी जानते हैं कि पाकिस्तान बड़ा स्कोर नहीं बनाएगा, इसलिए आप केवल 40 से 50 ओवर के लिए ही मैदान पर होंगे, इसलिए आप हर स्पेल में अपना सब कुछ देंगे. आप जो रूट के पास जाकर कहेंगे, अरे मैं एक और बॉल डालूंगा. वहां बहुत सारे विकेट हैं."
उन्होंने कहा, "यह बहुत आसान है. वे अभी भी अच्छा काम कर रहे हैं, और वे अभी भी बहुत खतरनाक दिख रहे हैं. मुझे लगता है कि यह गेंदबाजी अटैक, जिस तरह से वे गेंदबाजी कर रहे हैं, अगर वे इसी तरह से चलते रहे तो बेहतर बैटिंग लाइनअप को चुनौती देंगे. लेकिन यह पाकिस्तान की बैटिंग है. क्या यह सेकंड डिवीजन काउंटी क्रिकेट है? उनकी बल्लेबाजी को देखकर ऐसा नहीं लगता कि यह टेस्ट मैच की बैटिंग लाइनअप है."
साभार