एमपी: गरीबों को नहीं मिला मुफ्त राशन, कटनी से भेजे गए 32 ट्रक चावल रास्ते से गायब

मध्य प्रदेश के कटनी जिले से प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मिलने वाले लगभग 4 करोड़ रुपये मूल्य का 32 ट्रक सरकारी फोर्टिफाइड चावल अपने गंतव्य पर नहीं पहुंचे हैं

Nov 24, 2026 - 15:37
 0  1
एमपी: गरीबों को नहीं मिला मुफ्त राशन, कटनी से भेजे गए 32 ट्रक चावल रास्ते से गायब

गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मिलने वाला 5 किलो मुफ्त राशन भी अब सवालों के घेरे में है. मध्य प्रदेश के कटनी जिले के सरकारी वेयरहाउस से दूसरे जिलों में राशन वितरण के लिए भेजा गया 10,973 क्विंटल फोर्टिफाइड चावल निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंचा. करीब चार करोड़ रुपये से अधिक कीमत के इस सरकारी चावल के गायब होने से नागरिक आपूर्ति निगम में हड़कंप मचा हुआ है.

हैरानी की बात यह है कि गरीबों को राशन दुकानों के माध्यम से वितरित किया जाने वाला चावल ट्रांसपोर्टरों के जरिए दूसरे जिलों तक पहुंचना था, लेकिन चावल तो दूर, जिन ट्रकों में इसे लोड कर रवाना किया गया था, उनकी भी जानकारी संदिग्ध बनी हुई है. जिन जिलों में राशन वितरण के लिए चावल की आपूर्ति की जानी थी, वहां तक चावल नहीं पहुंचा. ऐसे में गरीब हितग्राहियों के हिस्से का राशन आखिर कहां गया, यह बड़ा सवाल बन गया है.

32 ट्रकों में भरकर भेजा गया था चावल

अप्रैल 2024 से मार्च 2025 के बीच कटनी के सरकारी गोदामों से कुल 32 ट्रकों के माध्यम से इंदौर, हरदा और नीमच के लिए चावल रवाना किया गया था. इसमें इंदौर के लिए 8 ट्रकों में 2,641 क्विंटल, हरदा के लिए 14 ट्रकों में 4,763 क्विंटल और नीमच के लिए 10 ट्रकों में 3,569 क्विंटल चावल भेजा गया था. कुल 10,973 क्विंटल चावल की कीमत चार करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है.

पत्राचार से खुली सरकारी चावल गायब होने की पोल

इस पूरे मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब अगस्त-सितंबर में इंदौर, हरदा और नीमच के नागरिक आपूर्ति निगम कार्यालयों ने पत्राचार कर चावल की आपूर्ति नहीं होने की जानकारी दी. इसके बाद विभागीय स्तर पर हड़कंप मच गया. सवाल यह है कि जब चावल संबंधित जिलों के वेयरहाउस तक पहुंचा ही नहीं, तो परिवहन के दस्तावेजों में आपूर्ति की प्रक्रिया कैसे पूरी हुई?

अधिकारियों और ट्रांसपोर्टर की भूमिका पर सवाल

मामले में तत्कालीन अधिकारियों और परिवहन से जुड़ी फर्म की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं. आखिर 32 ट्रकों में लोड सरकारी चावल की निगरानी किसकी जिम्मेदारी थी? क्या ट्रकों की जीपीएस लोकेशन की जांच की गई? क्या संबंधित जिलों से चावल की प्राप्ति की पुष्टि किए बिना परिवहन प्रक्रिया पूरी मान ली गई? इन सभी बिंदुओं की निष्पक्ष जांच जरूरी है. तत्कालीन जिला प्रबंधक के तबादले के बाद विभाग में प्रभार के सहारे कामकाज चलने की जानकारी भी सामने आई है.

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि गरीबों के हक पर डाका किसने डाला? 10,973 क्विंटल चावल आखिर कहां चोरी हो गया? क्या यह महज परिवहन में लापरवाही है या फिर अधिकारियों और ट्रांसपोर्टर की मिलीभगत से करोड़ों रुपये के सरकारी चावल को चोरी करवाने वाले चोर कौन हैं कहा के हैं?

दिल्ली की हवा में घुला जहर, कई इलाकों में 300 पार पहुंचा AQI

साभार