एमपी में अचानक बारिश से फसलें बर्बाद, किसानों को मुआवजा देगी सरकार; IMD ने फिर जारी किया बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में अचानक हुई बारिश ने किसानों की फसलें बर्बाद कर दीं. हालांकि, सरकार ने किसानों को मुआवजा देने की बात कही है. वहीं, मौसम विभाग ने बारिश और ओले का अलर्ट भी जारी किया है.

Feb 19, 2026 - 17:23
 0  7
एमपी में अचानक बारिश से फसलें बर्बाद, किसानों को मुआवजा देगी सरकार; IMD ने फिर जारी किया बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में बुधवार को हुई बारिश और ओलावृष्टि से खराब हुई फसलों का किसानों को मुआवजा दिया जाएगा. कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने इस बारे में बताया कि जहां ओलावृष्टि हुई है वहां जांच कराएंगे, इसके बाद मुआवजा मिलेगा. उन्होंने बताया कि राजस्व पुस्तक परिपत्र RBC 6-4 के तहत मुआवजा दिया जाएगा. आगे कहा कि डॉ. मोहन यादव की सरकार किसान हितैषी सरकार है. वहीं, मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है. साथ ही ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी है.

मध्य प्रदेश में बुधवार को अचानक मौसम बदल गया और गरज-चमक के साथ बारिश हुई थी. साथ ही ओले भी गिरे. तापमान गिरने की वजह से बढ़ती गर्मी से तो राहत मिली, लेकिन किसानों की समस्या बढ़ गई.

एमपी के इंदौर, उज्जैन, सीहोर, बड़बानी, मंदसौर, नीमच, झाबुआ, रतलाम सहित आसपास के जिलों में कहीं दिन तो कहीं रात में बारिश हुई. यहां ओले पड़ने से गेहूं, अफीम, चना, सरसों, प्याज सहित अन्य फसलें खराब हो गईं. 

मंदसौर में किसान मुआवजे की मांग कर रहे

मंदसौर जिले में कुछ क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि की वजह से किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है. फसलों के हुए नुकसान से किसान परेशान है और अब मुआवजे की मांग कर रहे हैं. ओलावृष्टि और बारिश की वजह से टमाटर, गेहूं, धनिया, चना और अफीम की फसल को नुकसान हुआ है.

मौसम की मार से टूटा किसान

सीहोर जिले में खेतों में रवि की खड़ी फसलें पक कर खड़ी हैं. कहीं कट चुकी हैं तो कहीं किसान इन्हें काटने की तैयारी में हैं. जिले में अचानक से मौसम ने करवट बदली और तेज बारिश ने किसान की महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया. जिले का किसान टूट चुका है, अब ऐसे में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह जिले के किसान मुआवजा की मांग कर रहे हैं.

 फिर बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर, इंदौर, मुरैना, श्योपुर, दतिया, भिंड, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में वर्षा होने की संभावना अधिक है. फरवरी में यह तीसरी बार बारिश का दौर हो सकता है. इससे पहले ओलावृष्टि और तेज़ हवाओं से कई किसानों की फसलें प्रभावित हुई थीं, जिनका सर्वे कर मुआवजा प्रक्रिया शुरू की गई थी. राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार, 22 फरवरी तक हल्की बारिश वाला ही मौसम बने रहने की संभावना है.

साभार