एशियन गेम्स के लिए भारतीय महिला टीम का ऐलान, हरमनप्रीत के हाथ में कमान, इन खिलाड़ियों को मिला मौका

मंगलवार को एशियन गेम्स के लिए हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय दल का ऐलान कर दिया गया है.

Jun 30, 2026 - 17:57
 0  14
एशियन गेम्स के लिए भारतीय महिला टीम का ऐलान, हरमनप्रीत के हाथ में कमान, इन खिलाड़ियों को मिला मौका

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने मंगलवार को आगामी एशियन गेम्स के लिए महिला टीम का ऐलान कर दिया है. टीम की कमान हरमनप्रीत कौर के हाथों में हैं. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप स्टेज से ही बाहर होने के बाद टीम इंडिया अब एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक अपने नाम करना चाहेगी. स्मृति मंधाना को हरमन का डिप्टी नियुक्त किया गया है. जबकि वर्ल्ड कप के दौरान चोटिल हुईं श्रेयंका पाटिल को भी टीम में जगह मिली है. हालांकि, उनकी उपलबध्ता पर कोई जानकारी नहीं आई है.

टीम इंडिया टू्र्नामेंट में डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर उतरेगी. उसने 2023 में चीन के हांग्जो में हुए पिछले एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल अपने नाम किया था. टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का हिस्सा रहीं विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिन्हें एशियार्ड के लिए टीम में जगह नहीं मिली है. उनकी जगह जी कमलिनी को टीम में शामिल किया गया है.

श्रेयंका पाटिल, जो वर्ल्ड कप के बीच में टखने की चोट के कारण बाहर हो गई थीं, उन्हें टीम में शामिल किया गया है, लेकिन उनकी उपलब्धता फिटनेस क्लियरेंस पर निर्भर करेगी. बल्लेबाजी लाइनअप वर्ल्ड कप जैसी ही है. हरमनप्रीत, मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स और ऋचा घोष. गेंदबाजी की ज़िम्मेदारी दीप्ति शर्मा, रेणुका सिंह, श्री चरणी, अरुंधति रेड्डी और नंदनी शर्मा पर होगी.

बीसीसीआई ने जारी प्रेस रिलीज में कहा,"विमेंस सिलेक्शन कमिटी ने सितंबर 2026 में जापान के आइची-नागोया में होने वाले 2026 एशियन गेम्स के लिए इंडिया की टीम चुन ली है. इंडियन विमेंस टीम इस कॉम्पिटिशन में डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर उतरेगी, जिसने चीन के हांग्जो में हुए पिछले एशियन गेम्स में विमेंस क्रिकेट कॉम्पिटिशन में गोल्ड मेडल जीता था."

2026 एशियन गेम्स के लिए इंडिया की टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेट कीपर), जी. कमलिनी (विकेट कीपर), भारती फुलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल*, राधा यादव, नंदनी शर्मा.

साभार