एशिया कप जीतने के बाद ट्रॉफी पर क्या बोले कप्तान सूर्यकुमार यादव, PM मोदी को लेकर कही ये बात
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एशिया कप का खिताब जीतने के बाद दूसरे दिन मीडिया से बात की और अपने दिल की बात सामने रखी।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने फाइनल में पाकिस्तान को हराकर एशिया कप की ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया है। भारत ने पाकिस्तान को फाइनल में 5 विकेट से पटकनी दी। इससे भी बड़ी बात ये रही कि इस पूरे टूर्नामेंट के दौरान भारत और पाकिस्तान की टीमें कुल तीन बार आमने सामने आईं और हर बार भारत ने उसे हराने में कामयाबी हासिल की। अब एशिया कप का खिताब जीतने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मीडिया से बात की है। ट्रॉफी को लेकर जो कुछ हुआ, उस पर भी सूर्या ने अपनी बात रखी, साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो एक्स पर पोस्ट किया, उस पर भी अपनी राय रखी है।
ट्रॉफी न लेने को लेकर क्या बोले कप्तान सूर्यकुमार यादव
भारतीय टीम ने भले ही एशिया कप जीत लिया हो, लेकिन ट्रॉफी नहीं ली। इसको लेकर 28 सितंबर की देर रात तक ड्रामा चलता रहा। दरअसल भारतीय टीम ने साफ कर दिया था कि वे पीसीबी चीफ और एसीसी प्रमुख मोहसिन नकवी के हाथों से एशिया कप की ट्रॉफी नहीं लेंगे। लेकिन मोहसिन नकवी भी अपनी बात पर अड़े रहे। वे एसीसी यानी एशियाई क्रिकेट काउंसिल के चीफ हैं तो वे चाहते थे कि वे ही ट्रॉफी देंगे, लेकिन भारत ने इससे इन्कार कर दिया। बाद में भारतीय टीम ने बिना ट्रॉफी के ही काफी देर तक मैदान पर जश्न मनाया।
सभी के दिल जीतने को बताया असली ट्रॉफी
इस पूरे मामले को लेकर जब कप्तान सूर्यकुमार यादव से बात की गई तो उन्होंने कहा कि ट्रॉफी को लेकर जो कुछ भी हुआ, वे इसे विवाद नहीं कहेंगे। सूर्या ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि अगर आपने देखा होगा तो लोगों ने ट्रॉफी की तस्वीरें इधर-उधर पोस्ट की हैं। लेकिन असली ट्रॉफी तब होती है जब आप सभी का दिल जीतते हैं, वही असली ट्रॉफी होती है। असली ट्रॉफी मैदान पर मौजूद इतने सारे लोगों की मेहनत और प्रयास है। एशिया कप में मिली शानदार जीत को लेकर सूर्या ने कहा कि यह बहुत अच्छा एहसास था। जब आप कोई टूर्नामेंट बिना हारे जीतते हैं तो आपको बहुत अच्छा लगता है। यह पूरी टीम और पूरे देश के लिए बहुत अच्छा एहसास था और यह बहुत मजेदार था। उन्होंने बताया कि सभी खिलाड़ी रात में एक साथ आए और बैठे और खूब मस्ती की।
पीएम मोदी के पोस्ट पर भी सूर्या ने रखी अपनी बात
भारतीय टीम ने जब 28 सितंबर की देर रात पाकिस्तान को बुरी तरह से हराकर एशिया कप का खिताब अपने नाम किया तो भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक पोस्ट किया था। इस पर सूर्यकुमार यादव ने कहा कि काफी अच्छा लगता है जब देश का नेता खुद फ्रंटफुट पर बल्लेबाजी करता है। ऐसा लगा जैसे उसने स्ट्राइक ली और रन बनाए। यह देखना शानदार था और जब सर सामने खड़े हों तो निश्चित रूप से खिलाड़ी खुलकर खेलेंगे।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार देर रात ट्वीट कर लिखा था कि खेल के मैदान पर ऑपरेशन सिंदूर। इसे काफी पसंद किया जा रहा है।
#WATCH | Dubai, UAE: On India refused to accept the Asia Cup 2025 trophy from ACC chairman Mohsin Naqvi, Indian skipper Suryakumar Yadav says, "I won't call it controversy. If you have seen, people have posted photos of trophy here and there. But the real trophy is when you win… pic.twitter.com/v33vIktcdr — ANI (@ANI) September 29, 2025
साभार