कुणाल चौधरी का शिवराज सिंह चौहान पर विवादित बयान; शाजापुर में गेहूं खरीदी पर धरना, जानिए क्या बोल गए?
शाजापुर में कांग्रेस धरने के दौरान कुणाल चौधरी ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर विवादित टिप्पणी की. गेहूं खरीदी और मुआवजे को लेकर सरकार घिरी. पढ़िए पूरी खबर.
मध्य प्रदेश में गेहूं खरीदी की अव्यवस्था और देरी को लेकर सियासी माहौल गरमाता जा रहा है. किसानों के समर्थन में शाजापुर में आयोजित कांग्रेस के धरने के दौरान पूर्व विधायक कुणाल चौधरी ने भाजपा सरकार पर हमला करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लेकर विवादित टिप्पणी कर दी. बयान सामने आते ही राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है. विपक्ष सरकार पर किसानों की अनदेखी और मुआवजा न देने का आरोप लगा रहा है, जबकि भाजपा ने इस बयान को अमर्यादित बताया है.
शाजापुर में कांग्रेस का धरना
किसानों के समर्थन में शाजापुर जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टर कार्यालय के सामने कांग्रेस द्वारा धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया था. इसमें बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए. धरने का प्रमुख मुद्दा गेहूं खरीदी में देरी, अव्यवस्था और प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को मुआवजा न मिलना रहा.
कुणाल चौधरी का तीखा हमला
धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व विधायक कुणाल चौधरी ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा. इसी दौरान उन्होंने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार में कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को “पागल” बताते हुए विवादित टिप्पणी कर दी. उनका यह बयान सामने आते ही सियासी गलियारों में नई बहस छिड़ गई.
कुणाल चौधरी ने कहा शिवराज सिंह चौहान पागल हो चुके हैं और उनका मानसिक संतुलन बिगड़ चुका है. कृषि मंत्री या तो खराब स्वास्थ्य से जूझ रहे हैं या फिर सस्ता नशा कर रहे हैं, जिसके कारण वे किसान हितों की रक्षा करने में पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं.
बाबा रामदेव पर भी अभद्र टिप्पणी
अपने भाषण के दौरान कुणाल चौधरी यहीं नहीं रुके. उन्होंने योग गुरु बाबा रामदेव को लेकर भी आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर विरोध और आलोचना शुरू हो गई है.
पहले भी वायरल हो चुका है वीडियो
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले भी कुणाल चौधरी का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह विद्युत विभाग के एक अधिकारी को फटकार लगाते हुए और एक जेई को “मुर्गा बनाने” की बात कहते नजर आए थे. लगातार सामने आ रहे इन बयानों और वीडियो से उनकी बयानबाजी चर्चा का केंद्र बन गई है
कांग्रेस का सरकार पर आरोप
कांग्रेस का आरोप है कि सरकार ने गेहूं खरीदी की पहले से घोषित तारीख को बार-बार आगे बढ़ाया, जिससे किसान मानसिक और आर्थिक संकट में फंस गए. विपक्ष का दावा है कि भारी बारिश, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान से फसलों को भारी नुकसान हुआ, लेकिन सरकार ने न तो समय पर खरीदी शुरू की और न ही मुआवजा दिया.
आगे बढ़ सकता है विवाद
कुणाल चौधरी की विवादित टिप्पणियों के बाद मामला और तूल पकड़ सकता है. भाजपा ने इसे मर्यादाओं के खिलाफ बताया है, जबकि कांग्रेस इसे सरकार की नाकामियों पर उठी आवाज बता रही है. आने वाले दिनों में यह मुद्दा प्रदेश की राजनीति में और गरमाने के संकेत दे रहा है.
साभार