केजरीवाल के खिलाफ NIA जांच की मांग, चुनावी मौसम में LG ने लगाया ये बड़ा आरोप
LG ने गृह मंत्रालय को लिखे पत्र में कहा कि अरविंद केजरीवाल को 2014 और 2022 के बीच खालिस्तानी समूहों से 16 मिलियन डॉलर की राशि प्राप्त हुई है.
दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ एनआईए जांच की मांग की है. एलजी ने प्रतिबंधित आतंकवादी गुरपतवंत पन्नून द्वारा स्थापित संगठन 'सिख फॉर जस्टिस' से कथित तौर पर पॉलिटिकल फंडिंग लेने का आरोप लगाया है.
एलजी को शिकायत मिली थी कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली AAP को भारी धनराशि (16 मिलियन अमेरिकी डॉलर) प्राप्त हुई थी. देवेंद्र पाल भुल्लर की रिहाई में मदद करने और खालिस्तान समर्थक भावनाओं को बढ़ावा देने के लिए चरमपंथी खालिस्तानी समूहों से आप को धनराशि मिली है.
LG ने गृह मंत्रालय को लिखे पत्र में कहा कि अरविंद केजरीवाल को 2014 और 2022 के बीच खालिस्तानी समूहों से 16 मिलियन डॉलर की राशि प्राप्त हुई है. यह भी आरोप लगाया गया है कि 2014 में केजरीवाल और खालिस्तान समर्थक सिख ग्रुप के बीच न्यूयॉर्क के गुरुद्वारा रिचमंड हिल्स में एक गुप्त बैठक हुई थी.
CM के खिलाफ एक और बड़ा षड्यंत्र: सौरभ
NIA जांच की सिफारिश पर आम आदमी पार्टी का बयान का भी बयान सामने आया है कि LG साहब भाजपा के एजेंट के तौर पर काम कर रहे हैं. सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बीजेपी की तरफ से CM केजरीवाल के खिलाफ एक और बड़ा षड्यंत्र रचा जा रहा है. उन्होंने कहा कि भाजपा दिल्ली में सातों सीट हार रही है और इसी हार के डर से भाजपा बौखला गई है. दिल्ली के मंत्री ने रहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भी भाजपा ने इसी तरह की साजिश का प्रयास किया था.
साभार