पहली बार भारत के पड़ोसी देश को मिला ICC से बड़ा तोहफा, T20 वर्ल्ड कप 2026 क्वालीफायर मैचों की मिली मेजबानी

आईसीसी ने साल 2026 में होने वाले महिला टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफायर मैचों की मेजबानी करने का अधिकार नेपाल को सौंपा जो पहली बार किसी आईसीसी टूर्नामेंट के मैचों को होस्ट करेगा।

Jul 31, 2025 - 20:04
 0  13
पहली बार भारत के पड़ोसी देश को मिला ICC से बड़ा तोहफा, T20 वर्ल्ड कप 2026 क्वालीफायर मैचों की मिली मेजबानी

आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप का 10वां संस्करण साल 2026 में इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड की मेजबानी में खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट के लिए चार टीमों का फैसला क्वालीफायर राउंड के जरिए होगा, जिसमें इसके मैचों की मेजबानी करने का अधिकार आईसीसी ने भारत के पड़ोसी देश नेपाल को देने का ऐलान किया है। इंग्लैंड ने जहां पहले ही मुख्य टूर्नामेंट के पूरे शेड्यूल का ऐलान कर दिया है जो 12 जून से 5 जुलाई तक खेला जाएगा। वहीं नेपाल में क्वालीफायर राउंड के मुकाबलों में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी।

क्वालीफायर मैच 12 जनवरी से 2 फरवरी तक होंगे

नेपाल के काठमांडू से सटे लोअर मुलपानी क्रिकेट स्टेडियम और अपर मुलपानी क्रिकेट स्टेडियम में 12 जनवरी से 2 फरवरी तक महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के क्वालीफायर राउंड के मुकाबले खेले जाएंगे। 10 टीमों के इस टूर्नामेंट में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 में खेलने वाली बांग्लादेश और आयरलैंड ने पहले ही अपनी जगह को पक्का कर लिया था तो वहीं मेजबान नेपाल और थाईलैंड ने एशिया क्षेत्रीय क्वालीफिकेशन के जरिए अपनी जगह पक्की की है। वहीं अमेरिकी रीजन से यूएसए की टीम हिस्सा लेगी। अभी क्वालीफायर राउंड के लिए बाकी पांच टीमों का फैसला अफ्रीका, यूरोप और ईस्ट एशिया-पैसिफिक की क्षेत्रीय टूर्नामेंट खत्म होने के बाद होगा।

दस टीमों को 2 अलग-अलग ग्रुप में बांटा जाएगा

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के क्वालीफायर राउंड में हिस्सा लेने वाली 10 टीमों को दो अलग-अलग ग्रुप में बांटा जाएगा जिसमें अच्छा प्रदर्शन करने वाली 6 टीमें सुपर सिक्स के लिए क्वालीफाई करेंगी और बाद में टॉप-2 टीम के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। बता दें कि साल 2026 में होने वाले महिला टी20 वर्ल्ड कप में कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी जो पहली बार होगा। इससे पहले साल 2024 में खेले गए पिछले महिला टी20 वर्ल्ड कप में कुल 10 टीमें खेली थी।

साभार