मध्य प्रदेश में चढ़ा सियासत का पारा, पटवारी-CM में जुबानी भिड़ंत, देखें कौन पड़ा भारी
मध्य प्रदेश में कड़ाके की सर्दी के बीच सियासत का पारा चढ़ गया है. कांग्रेस की संविधान यात्रा और भाजपा के संविधान गौरव अभियान पर दोनों दलों में जुबानी जंग जारी है. इस बीच मुख्यमंत्री मोहन यादव और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का बड़ा बयान भी सामने आया.
26 जनवरी को मध्य प्रदेश में कांग्रेस कांग्रेस "जय भीम, जय बापू, जय संविधान" रैली करने जा रही है. इस रैली का आगाज महू से होगा, जिसमें राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल होंगे. अब इस रैली पर भाजपा और कांग्रेस के बीच तनातनी शुरू हो गई है. जनवरी की सर्दी में प्रदेश की सियासत का पारा चढ़ा हुआ नजर आ रहा है.
सीएम डॉक्टर मोहन यादव ने कहा- 'वह लोग क्या संविधान यात्रा निकालेंगे जिन्होंने हमेशा संविधान को छिन्न भिन्न करने का काम किया है. बाबा साहब अंबेडकर को चुनाव में हारने का काम कांग्रेस ने किया. ऐसे में कांग्रेस के लोगों को संविधान बचाओ यात्रा निकालने का कोई अधिकार नहीं है.
पटवारी बोले- प्रायश्चित अभियान की जरूरत
इधर, भाजपा के संविधान गौरव अभियान पर जीतू पटवारी बोले- 'भाजपा को प्रायश्चित अभियान चलने की जरूरत है. भाजपा को जवाब देना होगा सरकारी संस्थाएं सरकार की गुलाम क्यों हो गईं. पीसीसी चीफ पटवारी ने आगे कहा- चुनाव आयोग का नाम तोता क्यों हो गया. अमित शाह ने बाबा साहब अंबेडकर का अपमान किया. भाजपा को संविधान गौरव अभियान की जरूरत नहीं माफी ओर प्रायश्चित अभियान चलाने की जरूरत है.
साभार