मल्लिकार्जुन खरगे बने I.N.D.I.A के अध्यक्ष, नीतीश कुमार ने ठुकराया संयोजक का पद, बैठक में क्या-क्या हुआ?

नीतीश कुमार को विपक्षी गठबंधन का संयोजक बनाने का भी फैसला किया, फिर बताया गया कि इस पर परामर्श करने के बाद फैसला होगा. लेकिन अंदर की कहानी कुछ और है क्योंकि कुछ पार्टियों के प्रतिनिधि ही बैठक में मौजूद नहीं थे.

Jan 13, 2024 - 16:23
 0  13
मल्लिकार्जुन खरगे बने I.N.D.I.A के अध्यक्ष, नीतीश कुमार ने ठुकराया संयोजक का पद, बैठक में क्या-क्या हुआ?

आखिरकार विपक्षी गठबंधन इंडिया की गेंद कांग्रेस के पाले में ही आकर गिर गई. कांग्रेस प्रमुख खरगे को ही विपक्षी गठबंधन का अध्यक्ष बनाए जाने पर सहमति बन गई है. असल में विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ का अध्यक्ष बनाए जाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नाम पर शनिवार को आखिरी मुहर लग गई. इसका कयास लंबे समय से लगाया जा रहा था. विपक्षी दलों के नेताओं ने वर्चुअल बैठक की और गठबंधन के विभिन्न पहलुओं के साथ-साथ अप्रैल-मई में होने वाले लोकसभा चुनावों की तैयारियों पर चर्चा की है. लेकिन इस बैठक के बाद यह भी सामने आया कि नीतीश कुमार ने संयोजक बनने से मना कर दिया है. इसका कारण तो नहीं बताया गया सिर्फ इतना बताया गया कि बैठक में कुछ पार्टियों के प्रतिनिधि नहीं मौजूद थे.

क्यों नहीं हुआ नीतीश पर फैसला?

दरअसल, बताया जा रहा है कि तृणमूल कांग्रेस, उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना और समाजवादी पार्टी के नेता बैठक में शामिल नहीं हुए. सूत्रों के मुताबिक, खरगे को ‘इंडिया’ का अध्यक्ष बनाने पर आम सहमति बनी है. हालांकि अभी भी अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के संबंध में आधिकारिक घोषणा का इंतजार है. सूत्रों ने यह भी कहा कि नेताओं ने बिहार के मुख्यमंत्री एवं जनता दल अध्यक्ष नीतीश कुमार को विपक्षी गठबंधन का संयोजक बनाने का भी फैसला किया, लेकिन अंतिम फैसला उन पार्टियों से परामर्श करने के बाद लिया जाएगा, जिनके प्रतिनिधि बैठक में मौजूद नहीं थे. बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार खुद इस पद के लिए इच्छुक नहीं दिखाई दिए हैं. इसका कारण क्या है, यह तो नीतीश कुमार ही बता पाएंगे.

साभार