मिट्टी से बना दिया 'मैजिक लैंप', 24 घंटे नहीं बुझता, दिवाली पर आ रहे देशभर से ऑर्डर
कुम्हार की कलाकारी 24 घंटे जलने वाला मैजिक दीपक तैयार किया. डिमांड इतनी कि पूर्ति करना संभव नहीं हो पा रहा है. दिया 6 साल पहले यूट्यूब पर वीडियो देखर बनाया था. अब वीडियो वायरल होने के बाद देशभर से ऑर्डर मिल रहे हैं.
छत्तीसगढ़ के कोंडागांव के रहने वाले 62 वर्षीय कुम्हार अशोक चक्रधारी की अपनी कोई दुकान नहीं है, इसलिए आस-पास के गांवों में रहने वाले लोग उनके घर आकर उनकी बनाई कलाकृतियां खरीदते हैं. अशोक कहते हैं, “हम पीढ़ियों से मिट्टी शिल्पकला करते आ रहे हैं, यह मेरा पुश्तैनी काम है, जो मैंने अपने पिता से सीखा था. बचपन से यही मेरी कला है और यही हमारा रोजगार भी है. मेरी तीन बच्चियां हैं, वे पढ़ने जाती हैं और मेरा हाथ भी बंटाती हैं. उनमें भी कहीं न कहीं यह कला है.
मैं अपनी कला को और निखारते रहने के लिए नए-नए आईडिया सोचता रहता हूं और कुछ ऐसा बनाता रहता हूं जो मेरे आस-पास लोगों के काम आ सके. 2019 में दिवाली के पहले मैं दीया बनाने के नए डिजाइन के बारे में सोच रहा था, तभी मैंने एक यूट्यूब वीडियो में ऐसा दीया देखा जो अपने आप देर तक चलता था. उसमें तेल भरकर रखने के लिए एक कुंड था, जिससे दीया खाली नहीं होता था और जलता रहता था.
कई कोशिशों के बाद मिली सफलता
अशोक चक्रधारी ने बताया "मुझे यह बहुत दिलचस्प लगा और मैंने खुद यह दीया बनाना शुरू कर दिया. 5-6 बार कोशिश करने के बाद मैंने 1 हफ्ते में इसे बना दिया. हर बार मैंने बेहतर डिजाइन बनाया और उसको जलाकर टेस्ट करता था. इस तरह फाइनल दीया बना, जो कम से कम 24 घंटे तक लगातार जलता रह सकता है."
अब पूरे देश से आ रहे ऑर्डर
अशोक चक्रधारी ने पहले साल 100 दीया बेचे. दूसरे साल उन्होंने इसे दुर्गा पूजा में भी बनाया और 200 रुपए में 1 दीया बेचे. इसके बाद उन्होंने इस दीया का वीडियो फेसबुक पर डाला, जिससे उन्हें कई फोन कॉल आने शुरू हो गए. देश के कोने-कोने से उन्हें हजारों दीया के ऑर्डर मिले और लोग इसे मैजिक लैंप कहने लगे. अब लोकल स्तर पर 300 रुपए और ऑनलाइन ऑर्डर पर 485 रुपए में बेच रहे है देश भर से लोग ये दिए अब मंगाने लगे हैं.
साभार