मोहम्मद सिराज के पास बेहतरीन मौका, अनिल कुंबले को कर सकते हैं पीछे
मैनचेस्टर में होने वाले भारत बनाम इंग्लैंड टेस्ट में मोहम्मद सिराज के पास एक बड़ा मुकाम हासिल करने का मौका है।
भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज जारी है। अब तक तीन मुकाबले खेले जा चुके हैं। अब चौथा मुकाबला 23 जुलाई से मैनचेस्टर में होगा। मुकाबला दोनों टीमों के लिए अहम होगा। इस बीच मोहम्मद सिराज के पास इस मैच में कुछ नया करने का मौका होगा। अगर उन्होंने अच्छी गेंदबाजी की तो ये तय है कि वे भारत के दिग्गज गेंदबाजों में से एक अनिल कुंबले को पीछे छोड़ देंगे।
इंग्लैंड में सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज हैं ईशांत शर्मा
इंग्लैंड में जाकर सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज इस वक्त ईशांत शर्मा हैं। उन्होंने इंग्लैंड में साल 2011 से लेकर 2021 तक टेस्ट खेले। उन्होंने इस दौरान 15 टेस्ट मैच खेलकर 51 विकेट अपने नाम किए हैं। इसके बाद दूसरे नंबर पर जसप्रीत बुमराह का नाम आता है। उन्होंने 11 मैच इंग्लैंड में खेलकर 49 विकेट अब तक चटका दिए हैं। अब बुमराह के पास मौका है कि वे इस लिस्ट में ईशांत शर्मा को पीछे कर पहले नंबर पर पहुंचें, लेकिन सिराज भी बहुत ज्यादा पीछे नहीं हैं।
एक विकेट लेते ही कुंबले से आगे निकल जाएंगे सिराज
मोहम्मद सिराज ने इंग्लैंड में अब तक 9 टेस्ट खेलकर 36 विकेट अपने नाम कर लिए हैं। मोहम्मद सिराज के बराबर ही विकेट अनिल कुंबले ने भी लिए हैं। कुंबले ने साल 1990 से लेकर 2007 तक इंग्लैंड में 10 टेस्ट मैच खेलकर 36 विकेट लिए थे। अब जैसे ही मोहम्मद सिराज एक और विकेट लेते हैं तो वे कुंबले से आगे निकल जाएंगे, ये उनके लिए एक खास उपलिब्ध होगी।
शमी और कपिल देव का भी नाम लिस्ट में शुमार
ईशांत शर्मा इंग्लैंड में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं, ये तो हमने आपको बता ही दिया है। इसके बाद दूसरे नंबर पर बुमराह हैं। अब सिराज तक की लिस्ट के बारे में भी जान लीजिए। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर कपिल देव हैं, जिन्होंने इंग्लैंड में 13 टेस्ट खेलकर 43 विकेट अपने नाम किए हैं। मोहम्मद शमी ने इंग्लैंड में 14 मैच खेलकर 42 विकेट चटकाए हैं। इसके बाद अनिल कुंबले और मोहम्मद सिराज का नाम आता है।
साभार