श्रेयस अय्यर के पिता ने BCCI पर उठाए सवाल, एशिया कप को लेकर बोल दिया बड़ा हमला
श्रेयस अय्यर लगातार बेहतर परफॉर्मेंस दे रहे हैं. आईपीएल 2025 में भी इस खिलाड़ी ने धमाल मचाया. फिर आखिर एशिया कप के लिए टीम में अय्यर का सेलेक्शन क्यों नहीं हुआ.
एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो गया है. इस बार एशिया कप टी20 फॉर्मेट में होने जा रहा है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 19 अगस्त को एशिया कप के लिए टीम इंडिया का ऐलान किया. लेकिन भारत की 15 सदस्यीय टीम में श्रेयस अय्यर को शामिल नहीं किया गया है. इसी बात को लेकर श्रेयस के पिता संतोष अय्यर ने बीसीसीआई पर सवाल खडे़ किए हैं.
श्रेयस अय्यर के पिता का BCCI पर हमला
श्रेयस अय्यर के पिता संतोष अय्यर ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए कहा कि 'मैं नहीं जानता कि श्रेयस को भारत की टी20 शामिल में होने के लिए अब और क्या करना चाहिए. दिल्ली कैपिटल्स से लेकर कोलकाता नाइट राइडर्स और केकेआर से पंजाब किंग्स तक अय्यर हर साल IPL में बेहतर परफॉर्म कर रहा है'. श्रेयस के पिता ने आगे कहा कि 'उसने 2024 में कप्तान रहते हुए केकेआर को आईपीएल टाइटल जिताया और 2025 में पंजाब किंग्स की कप्तानी करते हुए टीम को फाइनल तक लेकर गया'.
संतोष अय्यर ने BCCI को घेरते हुए आगे कहा कि 'मैं नहीं कह रहा कि आप उसे भारतीय टीम का कप्तान बना दो, लेकिन कम से कम उसे टीम में सेलेक्ट तो करो'. श्रेयस के बारे में बताते हुए संतोष अय्यर ने कहा कि 'वो हमेशा बस यही कहता है कि मेरा नसीब है. आप इसमें कुछ नहीं कर सकते. वो हमेशा शांत रहता है. वो कभी किसी पर आरोप भी नहीं लगाता, लेकिन अंदर से वो काफी निराश है'
IPL 2025 में श्रेयस अय्यर का तूफान
श्रेयस अय्यर का परफॉर्मेंस आईपीएल 2025 में काफी शानदार रहा था. अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स ने 11 साल बाद आईपीएल प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया था. वहीं अय्यर ने कप्तानी के साथ ही शानदार बल्लेबाजी करते हुए 17 मैचों में 50.33 की औसत से 604 रन बनाए. आईपीएल के 18वें सीजन में इस खिलाड़ी का बेस्ट स्कोर नाबाद 97 रन रहा. इस सीजन अय्यर पांच बार नॉट आउट लौटे थे
साभार