श्रेयस अय्यर ने खड़ी कर दी बड़ी चुनौती, अब बीसीसीआई को लेना होगा अहम फैसला

श्रेयस अय्यर भले ही आईपीएल में नए नए इतिहास लिख रहे हों, लेकिन वे इस वक्त भारत की टेस्ट और टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं।

Jun 2, 2025 - 16:36
 0  17
श्रेयस अय्यर ने खड़ी कर दी बड़ी चुनौती, अब बीसीसीआई को लेना होगा अहम फैसला

श्रेयस अय्यर आईपीएल इतिहास में ऐसे पहले कप्तान बन गए हैं, जो अब तक तीन अलग अलग टीमों को फाइनल तक ले जाने में कामयाब रहे हैं। इस दफा पहली ही बार में श्रेयस अय्यर ने पंजाब किंग्स को अपनी कप्तानी में फाइनल में पहुंचा दिया है। पंजाब की टीम अब तक 17 सीजन में एक ही बार फाइनल में पहुंच पाई थी, अब ये दूसरी बार हुआ है। इस बीच श्रेयस अय्यर ने एक नई चुनौती तो खड़ी कर ही दी है। बीसीसीआई को इस बारे में जल्द सोचना और फैसला लेना होगा। 

पंजाब किंग्स से पहले दिल्ली कैपिटल्स और केकेआर को भी फाइनल में ले जा चुके हैं

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स की टीम साल 2020 के आईपीएल में फाइनल में पहुंची थी, हालांकि तब टीम खिताब जीतने से चूक गई थी। इसके बाद साल 2024 में श्रेयस की कप्तान में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम आईपीएल के फाइनल तक पहुंचती है और खिताब भी अपने नाम करती है। इस बार वे पंजाब को फाइनल तक ले गए हैं। अब पंजाब की टीम खिताब जीते या ना जीते, श्रेयस ने अपना काम कर दिया है। न केवल कप्तानी, बल्कि अपनी बल्लेबाजी से भी श्रेयस ने कमाल का प्रदर्शन किया है। 

भारत की टी20 और टेस्ट टीम का हिस्सा नहीं हैं श्रेयस

मजे की बात ये है कि श्रेयस अय्यर इस वक्त ना तो भारत की टेस्ट टीम का हिस्सा हैं और ना ही टी20 इंटरनेशनल खेल रहे हैं। हाल ही में जब इंग्लैंड सीरीज के लिए भारतीय टीम का सेलेक्शन होना था तो माना जा रहा था कि श्रेयस को इस स्क्वाड में जगह मिलेगी, लेकिन वहां उनका नाम नहीं था। चैंपियंस ट्रॉफी में श्रेयस अय्यर ने कमाल का खेल दिखाते हुए खूब रन बनाए थे। उन्होंने भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए थे और भारत ने इस खिताब को भी अपने नाम किया था। 

श्रेयस ने कब खेला था अपना आखिरी टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल मुकबला?

अब श्रेयस ने अपना आखिरी टी20 इंटरनेशल मैच दिसंबर 2023 में खेला था, तब से लेकर अब तक भारत ने कितने ही मुकाबले खेले हैं, लेकिन श्रेयस को इस टीम में शामिल करने लायक नहीं समझा गया। श्रेयस ने अपना आखिरी टेस्ट मैच फरवरी 2024 में खेला था, लेकिन वहां से भी उनका पत्ता कट गया। अब जिस तरह का धाकड़ प्रदर्शन श्रेयस ने आईपीएल के दौरान किया है, बीसीसीआई को जरूर सोचना होगा कि क्या उन्हें टीम इंडिया में परमानेंट जगह दी जाए। देखना होगा कि बीसीसीआई इसको लेकर क्या कुछ फैसला करता है।

साभार