सिंहस्थ-2028 में सबकुछ करेगा AI, इंदौर में खुलेगा AI सेंटर; जानें CM मोहन यादव का प्लान

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से 20 मई को मंत्रालय में गूगल क्लाउड इंडिया के पदाधिकारियों ने भेंट की. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इन पदाधिकारियों के साथ प्रदेश में प्रशासनिक दक्षता संवर्धन और सिंहस्थ - 2028 की तैयारियों में मदद के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित तकनीकी सहयोग के संबंध में राउंड टेबल मीटिंग की.

May 21, 2026 - 18:04
 0  13
सिंहस्थ-2028 में सबकुछ करेगा AI, इंदौर में खुलेगा AI सेंटर; जानें CM मोहन यादव का प्लान

मध्य प्रदेश को तकनीकी रूप से एडवांस और सरकारी कामकाज को स्मार्ट बनाने के लिए मोहन यादव सरकार एक बड़ा कदम उठाने जा रही है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 20 मई को भोपाल स्थित मंत्रालय में 'गूगल क्लाउड इंडिया' की टीम के साथ एक अहम राउंड टेबल मीटिंग की. इस बैठक में राज्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल और 2028 में होने वाले उज्जैन सिंहस्थ को लेकर चर्चा हुई

इंदौर बनने जा रहा है AI का नया हब

बैठक के दौरान अपर मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) नीरज मंडलोई ने एक बड़ी जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार जल्द ही गूगल क्लाउड इंडिया के साथ एक बड़ा करार (MoU) करने जा रही है. इसके तहत मिनी मुंबई कहे जाने वाले इंदौर में एक 'सेंटर फॉर एक्सीलेंस' (Center for Excellence) स्थापित किया जाएगा. इस सेंटर का विजन काफी बड़ा है. इससे 10 हजार से ज्यादा AI डेवलपर्स को सीधे जोड़ा जाएगा. यह सेंटर न सिर्फ मध्य प्रदेश, बल्कि पूरे देश और 'ग्लोबल साउथ' के देशों को रियल-टाइम तकनीकी मदद (टेक्निकल सपोर्ट) मुहैया कराएगा.

हाईटेक होगा 2028 का सिंहस्थ महाकुंभ

उज्जैन में 2028 में लगने वाले सिंहस्थ महाकुंभ की तैयारियों में भी गूगल क्लाउड अहम भूमिका निभाने जा रहा है. गूगल के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया कि इस विश्वस्तरीय आयोजन को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए वे सरकार को हर जरूरी तकनीकी मदद देने के लिए तैयार हैं.

सिंहस्थ-2028 में सबकुछ AI करेगा

सिंहस्थ-2028 में करोड़ों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए AI आधारित ट्रैकिंग और अलर्ट सिस्टम की मदद ली जाएगी. शहर में जाम से निपटने और वाहनों की सुचारू आवाजाही के लिए हाईटेक ट्रैफिक मैनेजमेंट लागू होगा. किसी भी मेडिकल या सुरक्षा इमरजेंसी में रियल-टाइम रिस्पॉन्स और त्वरित मदद मिलेगी.

इन सरकारी विभागों की भी बदलेगी तस्वीर

हाल ही में हुए AI समिट में मध्य प्रदेश सरकार से मिले शानदार रिस्पॉन्स से गूगल की टीम काफी उत्साहित नजर आई. गूगल क्लाउड के सहयोग से अब प्रदेश के कई अहम विभागों को भी AI से लैस कर सशक्त बनाया जा रहा है. इनमें मुख्य रूप से कृषि, शिक्षा, वन और महिला एवं बाल विकास विभाग शामिल हैं. इन विभागों में AI के इस्तेमाल से योजनाओं की डिलीवरी और प्रशासनिक काम में तेजी आएगी.

इस अहम बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन, प्रमुख सचिव (विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी) एम. सेल्वेन्द्रम के साथ-साथ गूगल क्लाउड इंडिया के डायरेक्टर (पब्लिक सेक्टर) आशीष वत्तल, मदन ओबेरॉय, पंकज शुक्ला समेत गूगल की टीम के कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे.

साभार