हम 295 सीटें जीतने जा रहे... वोटिंग खत्म होते ही INDIA गठबंधन ने कर दिया बड़ा दावा

करीब 2 महीने से चल रही लोकसभा चुनाव प्रक्रिया खत्म होने के बाद अब सभी को नतीजों का इंतजार है. रिजल्ट के संभावित नतीजों पर डिस्कशन करने के लिए आज इंडी गठबंधन के कुनबे ने दिल्ली में बैठक की.

Jun 1, 2024 - 17:28
 0  15
हम 295 सीटें जीतने जा रहे... वोटिंग खत्म होते ही INDIA गठबंधन ने कर दिया बड़ा दावा

लोकसभा चुनाव के नतीजों से पहले एक बार फिर विपक्षी इंडी गठबंधन चिंतन के मूड में हैं. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दिल्ली वाले आवास पर आज गठबंधन की को-ऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक हुई. इस बैठक में गठबंधन में शामिल 14 पार्टियों के नेताओं को न्योता दिया गया था. इस कमेटी का गठन मुंबई में हुई गठबंधन की बैठक में लिया गया था. बैठक में चुनाव नतीजे आने के बाद की परिस्थितियों पर विचार कर रणनीति बनाई गई.  

शरद पवार और राहुल गांधी बैठक में पहुंचे

इंडी गठबंधन की इस बैठक में शामिल होने के लिए एनसीपी शरद गुट के अध्यक्ष शरद पवार खरगे के आवास पर पहुंच गए हैं. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी भी पहुंचने वालों में शामिल है. राघव चड्ढा ने कहा कि इस बैठक में आम आदमी पार्टी की ओर से राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल शामिल होंगे. वहीं ममता बनर्जी के बारे में कहा जा रहा है कि वे इस मीटिंग में शामिल नहीं होंगी. उनकी ओर से किसी प्रतिनिधि को भेजा जाएगा. 

बैठक में ये बड़े नेता ले रहे भाग

गठबंधन की बैठक में कांग्रेस की ओर से मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, सपा की ओर से अखिलेश यादव, एनसीपी शरद गुट की ओर से शरद पवार व जितेंद्र आह्वाड़, आम आदमी पार्टी की ओर से अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान, संजय सिंह व राघव चड्ढा, डीएमके की ओर से टीआर बालू और आरजेडी की ओर से तेजस्वी यादव और संजय यादव शामिल हैं.

मीटिंग में झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से चंपई सोरेन व कल्पना सोरेन भी शामिल हैं. वहीं नेशनल कॉन्फ्रेंस से फारूक अब्दुल्ला, सीपीआई की ओर से डी. राजा, माकपा की ओर से सीताराम येचुरी, शिव सेना उद्धव ठाकरे गुट से अनिल देसाई, सीपीआईएमल से दीपांकर भट्टाचार्य और वीआईपी पार्टी से मुकेश सहनी भी बैठक में भाग ले रहे हैं. 

पीएम उम्मीदवार पर सवाल टालते दिखे तेजस्वी

वहीं विपक्ष की बैठक से पहले तेजस्वी यादव से पीएम उम्मीदवार पर सवाल किया गया. जिसे वो टालते नज़र आए. सूत्रों के मुताबिक इस बैठक का एजेंडा 4 जून को आने वाले नतीजों पर मंथन, नतीजों के बाद की रणनीति की तैयारी और काउंटिंग डे पर EVM को लेकर रणनीति बनाना है. वहीं विपक्ष की बैठक पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज ने हमला बोला है. उन्होंने कहा कि रिजल्ट के बाद ये लोग दिखेंगे भी नहीं.

साभार