4 जून को राहुल बाबा के लोग प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे... खरगे का नाम लेकर शाह ने किया कटाक्ष
अंतिम चरण के मतदान से पहले गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर तंज कसा है. उन्होंने कहा है कि 4 जून को राहुल गांधी के लोग प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और ईवीएम पर आरोप लगाएंगे. उन्होंने आगे कहा कि लेकिन 'भाई-बहन' को कुछ नहीं कहेंगे. ठीकरा खरगे साहब पर फूटेगा.
यूपी के कुशीनगर में आज चुनावी रैली में गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर कटाक्ष किया. उन्होंने दावा किया कि 4 जून को मोदी जी की, भाजपा की, NDA की विजय निश्चित है. उन्होंने जनता से कहा कि 4 जून की दोपहर को आप देख लेना कि राहुल बाबा के लोग प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे कि EVM के कारण हम हारे हैं. खरगे साहब आप भी समझ लेना, भाई-बहन पर ठीकरा नहीं फूटने वाला है. हार का ठीकरा खरगे साहब पर फूटेगा और उनकी नौकरी जाने वाली है.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की हार की जिम्मेदारी 'भाई-बहन' पर नहीं डाली जाएगी. उनका इशारा राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की तरफ था. बोले कि खरगे साहब (कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे) चार जून के बाद अपना पद खोने जा रहे हैं. दो शहजादे कहकर तंज कसते हुए शाह ने कहा कि क्या राहुल और अखिलेश पूर्वांचल की समस्याओं का निवारण कर सकते हैं क्या?
राहुल बाबा 40 पार करना भी नहीं
शाह ने कहा कि 6 चरण समाप्त हो गया है, 5 चरण का आंकड़ा है कि 310 सीटें मोदी जी पार कर चुके हैं. राहुल बाबा आपकी पार्टी को 40 भी पार करना नहीं है. और अखिलेश बाबू कितना भी आपके प्रति सहानुभूति से बात करूं, आपका 4 भी पार नहीं होना है. देश की जनता ने तय किया है अगले 5 साल नरेंद्र मोदी जी प्रधानमंत्री रहेंगे. इसके बाद वह बार-बार प्रधानमंत्री रहेंगे.
उन्होंने कहा कि एक ओर नरेंद्र मोदी हैं. 23 साल तक प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री रहे लेकिन उन पर 25 पैसे का आरोप नहीं लगा है. दूसरी ओर, ये दो शहजादे 10 साल में 12 लाख करोड़ के भ्रष्टाचार करने वाले लोग हैं. उन्हें इस देश का मौसम रास नहीं आता है. राहुल बाबा हर छह महीने में बैंकॉक, थाईलैंड चले जाते हैं. पूर्वांचल की गर्मी उनसे सहन नहीं होती. दूसरी ओर नरेंद्र मोदी जी हैं, 23 साल से एक भी छुट्टी नहीं लिए हैं. दीपावली के दिन भी जवानों को मिठाई खिलाते हैं.
साभार