AAP के लिए जेल से प्रचार करेंगे केजरीवाल-सिसोदिया-जैन! स्टार प्रचारकों की लिस्ट में तीनों नेताओं के नाम
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए आम आदमी पार्टी ने अपनी गुजरात की स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की है. गौर करने वाली बात यह है कि AAP की इस लिस्ट में जेल में बंद नेताओं के नाम भी शामिल हैं.
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए आम आदमी पार्टी ने अपनी गुजरात की स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की है. गौर करने वाली बात यह है कि AAP की इस लिस्ट में जेल में बंद नेताओं के नाम भी शामिल हैं. AAP ने राज्य के लिए 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की है जिसमें अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन का नाम भी है, तीनों ही नेता वर्तमान में जेल में बंद है.
AAP स्टार प्रचारकों में केजरीवाल भी शामिल
आम आदमी पार्टी ने गुजरात की लोकसभा सीटों के लिए 40 स्टार प्रचारकों में जेल में बंद अपने नेताओं अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसौदिया और सत्येन्द्र जैन को शामिल किया है. पार्टी ने इस लिस्ट में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल को भी शामिल किया है. यह पहली बार है कि AAP ने केजरीवाल की पत्नी को स्टार प्रचारक के रूप में नामित किया है. उनका नाम मुख्यमंत्री के नाम के बाद दूसरे स्थान पर है.
AAP स्टार प्रचारकों की लिस्ट
AAP स्टार प्रचारकों की लिस्ट में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, संजय सिंह, संदीप पाठक और दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज, आतिशी और गोपाल राय के नाम भी शामिल हैं.
क्या कहता है चुनाव आयोग..
चुनाव आयोग के मुताबिक किसी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय या राज्य पार्टी में अधिकतम 40 स्टार प्रचारक हो सकते हैं. स्टार प्रचारकों द्वारा किया गया खर्च पार्टी के खाते में जोड़ा जाता है. जबकि अन्य द्वारा किया गया खर्च उम्मीदवारों के खाते में जोड़ा जाता है. बता दें कि अरविंद केजरीवाल, सिसोदिया, जैन के सलाखों के पीछे होने के कारण AAP को लोकसभा चुनाव से पहले संकट का सामना करना पड़ रहा है. हालांकि 3 अप्रैल को संजय सिंह की जेल से रिहाई ने पार्टी में नई ऊर्जा का संचार किया है.
5 राज्यों में चुनाव लड़ रही आम आदमी पार्टी
गुजरात की 26 लोकसभा सीटों में से AAP ने इंडिया ब्लॉक के हिस्से के रूप में दो सीटों, भरूच और भावनगर पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं. कांग्रेस बाकी 24 सीटों पर चुनाव लड़ रही है. AAP दिल्ली में चार, पंजाब में 13, हरियाणा में एक और गुजरात और असम में दो-दो सीटों पर चुनाव लड़ रही है.
साभार