CPM नेता सीताराम येचुरी का 72 साल की उम्र में निधन, लंबे समय से थे बीमार
Sitaram Yechury: सीताराम येचुरी दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती थे. उन्हें एम्स में लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था. येचुरी को निमोनिया जैसे सीने के संक्रमण के उपचार के लिए 19 अगस्त को एम्स में भर्ती कराया गया था.
देश के सीनियर नेताओं में शुमार और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी महासचिव सीताराम येचुरी का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है. वे दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती थे. उन्हें एम्स में लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था. उनकी पार्टी ने मंगलवार को अपने बयान में कहा था कि 72 वर्षीय येचुरी का एम्स की गहन चिकित्सा इकाई आईसीयू में तीव्र श्वसन नली संक्रमण का उपचार किया जा रहा है.
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने यह भी कहा था कि चिकित्सकों की एक टीम येचुरी के स्वास्थ्य पर बारीकी से नजर रख रही है और येचुरी की हालत इस समय गंभीर है. येचुरी को निमोनिया जैसे सीने के संक्रमण के उपचार के लिए 19 अगस्त को एम्स में भर्ती कराया गया था.
सीताराम येचुरी का जन्म 12 अगस्त, 1952 को चेन्नई में हुआ था. उन्होंने अपनी स्नातक की पढ़ाई दिल्ली विश्वविद्यालय से और स्नातकोत्तर की पढ़ाई जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से पूरी की .उनके परिवार में उनकी पत्नी सीमा चिश्ती और दो बच्चे हैं.
साभार