IPL 2026 का लीग स्टेज खत्म, अब RCB और GT को मिलेंगे 2 मौके; हारने पर भी टीम नहीं होगी बाहर
आईपीएल के नियमों के अनुसार प्वाइंट्स टेबल में पहले और दूसरे स्थान पर रहने वाली टीमों को क्वालिफायर-1 में खेलने का मौका मिलता है. वहीं पहले क्वालिफायर में हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर नहीं होती है
इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन यानी आईपीएल 2026 का लीग स्टेज खत्म हो गया है. 70 मैचों के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स ने प्लेऑफ में क्वालीफाई किया है. इसमें से आरसीबी और गुजरात ने टॉप-2 में फिनिश किया है. ऐसे में इन्हें फाइनल के दो मौके मिलेंगे. आरसीबी और गुजरात के बीच कल यानी मंगलवार को क्वालीफायर-1 खेला जाएगा. नियम के हिसाब से पहले क्वालिफायर में हारने वाली टीम का आईपीएल 2026 में सफर समाप्त नहीं होगा.
आईपीएल के नियमों के अनुसार, प्वाइंट्स टेबल में पहले और दूसरे स्थान पर रहने वाली टीमों को क्वालिफायर-1 में खेलने का मौका मिलता है. वहीं पहले क्वालिफायर में हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर नहीं होती है, बल्कि उसे टॉप-2 में रहने का फायदा मिलता है. क्वालीफायर-1 हारने के बाद वो क्वालीफायर-2 खेलती है. क्वालीफायर-2 में उसका सामना एलिमिनेटर मैच जीतकर आने वाली टीम से होता है. इसी कारण आरसीबी और जीटी में से जो भी टीम पहले क्वालिफायर में हारेगी, उसे फाइनल में पहुंचने का एक और मौका मिलेगा.
आरसीबी और जीटी के बराबर प्वाइंट्स, नेट रन रेट में बेंगलुरु आगे
बता दें कि आईपीएल 2026 के 70 मैच खत्म होने के बाद प्वाइंट्स टेबल में रजत पाटीदार की आरसीबी और शुभमन गिल की गुजरात टाइटंस टॉप-2 में रहे. आरसीबी 14 मैचों में 9 जीत के साथ शीर्ष पर रही. वहीं गुजरात की टीम ने भी 14 मैचों में 18 प्वाइंट्स के साथ फिनिश किया. नेट रन रेट की वजह आरसीबी पहले और गुजरात दूसरे स्थान पर रही.
बारिश से रद्द हुआ मैच तो आरसीबी फाइनल में
अगर बारिश की वजह से आरसीबी और गुजरात का क्वालीफायर-1 मैच रद्द होता है तो प्वाइंट्स टेबल में ऊपर रहने की वजह से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु फाइनल में प्रवेश कर जाएगी. आईपीएल प्लेऑफ में सिर्फ बारिश के लिए रिजर्व डे रखा गया है. बाकी क्वालीफायर-1, एलिमिनेटर और क्वालीफायर-2 के लिए रिजर्व डे नहीं है. आईपीएल 2026 का फाइनल 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा.
साभार