MP में 10 दिन का हो सकता है विधानसभा का शीतकालीन सत्र, अनुपूरक बजट की चर्चा
मध्य प्रदेश में इस बार विधानसभा का शीतकालीन सत्र 10 दिन का हो सकता है. माना जा रहा है कि इसी सत्र में अनुपूरक बजट भी आ सकता है.
मध्य प्रदेश में विधानसभा के शीतकालीन सत्र की तैयारियां शुरू हो गई हैं. दिसंबर में शुरू होने वाले सत्र में कई अहम प्रस्ताव पास हो सकते हैं, जबकि इसी दौरान अनुपूरक बजट भी आ सकता है. माना जा रहा है कि विधानसभा का शीतकालीन सत्र दिसंबर के दूसरे सप्ताह में आहूत किया जा सकता है. सरकार अनुपूरक बजट लाने की तैयारी में है, ऐसे में विधानसभा सचिवालय के साथ-साथ वित्त विभाग भी तैयारियों में जुट गया है. वित्त विभाग ने सभी विभागों से प्रस्ताव मांगे हैं.
10 दिन का हो सकता है सत्र
मध्य प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 10 दिन का हो सकता है. हालांकि पिछले सत्र तय समय से पहले ही स्थगित हो गया था. इस बार भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी तकरार देखने को मिल सकती है. क्योंकि एक तरफ जहां विपक्ष के पास कई मुद्दे हैं तो वहीं दूसरी तरफ सरकार भी कई अहम बिल पास कराने का तैयारी में हैं.
अनुपूरक बजट की तैयारी
विधानसभा के शीतकालीन सत्र में ही अनुपूरक बजट आएगा. ऐसे में 31 अक्टूबर तक सभी विभागों से बजट में किए गए प्रावधान के आधार पर कितनी राशि खर्च की जा चुकी है, इसकी डिटेल मांगी गई है. वित्त विभाग ने 10 नवम्बर तक सभी विभागों को अनुपूरक बजट का प्रस्ताव देने के लिए कहा है. हालांकि यह भी साफ कर दिया गया है कि अनुपूरक बजट में नए वित्तीय मद प्रस्ताव शामिल नहीं होंगे. इससे पहले भी वित्त विभाग ने बुधवार को आदेश जारी किया था कि अब 30 करोड़ से ज्यादा की राशि खर्च करने के लिए सभी विभागों को वित्त विभाग से सहमति लेनी होगी उसके बिना यह राशि खर्च नहीं की जा सकेगी. माना जा रहा है कि अनुपूरक बजट में किसी भी तरह का नया प्रपोजल नहीं लिया जाएगा.
उपचुनाव के बाद बनेगी रणनीति
वहीं माना जा रहा है कि विजयपुर और बुधनी विधानसभा सीट के नतीजों के बाद ही बीजेपी और कांग्रेस विधानसभा सत्र की रणनीति बनाएंगे. क्योंकि सत्र के हंगामेदार होने की पूरी उम्मीद है. पिछले सत्र के दौरान बीजेपी और कांग्रेस के विधायक कई मुद्दों को लेकर आमने-सामने रहे थे.
साभार