MP कांग्रेस में 'क्लीन स्वीप': सभी प्रवक्ताओं की छुट्टी,अब 'टैलेंट हंट'से तय होंगे पार्टी के नए चेहरे
मध्य प्रदेश कांग्रेस ने बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए सभी प्रवक्ताओं को पद से हटा दिया है. अब पार्टी में प्रवक्ताओं की नियुक्ति सिफारिश के बजाय 'टैलेंट हंट' और इंटरव्यू के आधार पर की जाएगी. 5 फरवरी से शुरू होने वाली इस प्रक्रिया में पुराने प्रवक्ताओं को भी अपनी काबिलियत साबित करनी होगी.
मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन में एक बड़ा और हैरान करने वाला फेरबदल हुआ है. प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने एक झटके में अपने सभी प्रवक्ताओं को कार्यमुक्त कर दिया है. पार्टी अब अपने मीडिया विभाग को पूरी तरह से नया रंग-रूप देने की तैयारी में है. जाहिर है इस फैसले के बाद अब कांग्रेस के पुराने और दिग्गज प्रवक्ताओं की कुर्सी भी छिन गई है.पार्टी के प्रदेश संगठन प्रभारी महामंत्री डॉ. संजय कामले ने इस संबंध में एक प्रेस रिलीज जारी किया है.
अब 'टैलेंट हंट' से चुने जाएंगे पार्टी के चेहरे
कांग्रेस ने तय किया है कि अब प्रवक्ताओं की नियुक्ति सिफारिश या पुराने रसूख के आधार पर नहीं, बल्कि टैलेंट के दम पर होगी. इसके लिए पार्टी एक 'टैलेंट हंट' अभियान शुरू करने जा रही है. इस प्रक्रिया के जरिए उन नेताओं को आगे लाया जाएगा जो टीवी डिबेट और सार्वजनिक मंचों पर पार्टी का पक्ष मजबूती और तर्कों के साथ रख सकें.
पुराने प्रवक्ताओं को भी देना होगा इंटरव्यू
सबसे दिलचस्प बात यह है कि जो प्रवक्ता अभी पद से हटाए गए हैं, अगर वे दोबारा प्रवक्ता बनना चाहते हैं, तो उन्हें भी इस टैलेंट हंट और इंटरव्यू प्रक्रिया से गुजरना होगा. यानी अब पुरानी पहचान काम नहीं आएगी, बल्कि इंटरव्यू में खुद को साबित करना होगा. पार्टी के अंदर इस 'अग्निपरीक्षा' को लेकर काफी चर्चा है.जारी विज्ञप्ति के मुताबिक प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश और प्रभारी हरीश चौधरी के अनुमोदन के बाद प्रवक्ताओं के चयन के लिए टैंलेंट हंट कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है. इसमें बताया गया है कि ये व्यवस्था फिलहाल अस्थाई है जब टैलेंट हंट संपन्न हो जाएगा तो नए प्रवक्ताओं को टीवी डिबेट आदि में भेजा जाएगा. तब तक मीडिया विभाग की ओर से लोगों को पार्टी का पक्ष रखने के लिए भेजा जाएगा.
5 फरवरी से शुरू होगी चयन प्रक्रिया
प्रवक्ताओं के चयन के लिए यह टैलेंट हंट 5 फरवरी से शुरू होने जा रहा है. पार्टी का लक्ष्य है कि युवाओं और काबिल चेहरों को मौका दिया जाए. जब तक नई नियुक्तियां नहीं हो जातीं, तब तक टीवी डिबेट और मीडिया के लिए पार्टी के मीडिया विभाग द्वारा ही नेताओं के नाम तय कर भेजे जाएंगे.
साभार