MP में इस तारीख तक MSP पर होगी गेहूं खरीदी, रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया बंद, इतना हुआ भुगतान

मध्य प्रदेश में गेहूं खरीदी के पंजीयन की तारीख खत्म हो चुकी है, जबकि गेहूं खरीदी की प्रक्रिया फिलहाल जारी है. किसानों भाई गेहूं लेकर खरीद केंद्रों पर पहुंच रहे हैं.

Apr 10, 2025 - 17:32
 0  22
MP में इस तारीख तक MSP पर होगी गेहूं खरीदी, रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया बंद, इतना हुआ भुगतान

मध्य प्रदेश में सभी खरीदी केंद्रों पर गेहूं की खरीदी जारी है. लेकिन मध्य प्रदेश में MSP पर गेहूं उपार्जन के लिए अब रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया बंद कर दी गई है. 9 अप्रैल पंजीयन का आखिरी दिन था, खाद्य विभाग की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक इस बार मध्य प्रदेश में 15.33 लाख किसानों ने पंजीयन कराया है. ऐसे में जिन किसानों ने पंजीयन कराकर स्लॉट बुक किया था, वह अब गेहूं बेचने के लिए खरीद केंद्रों पर पहुंच रहे हैं.

5 मई तक होगी गेहूं खरीदी 

मध्य प्रदेश में इस बार गेहूं खरीदी 5 मई तक होनी है. ऐसे में अब गेहूं खरीदी में महज 25 दिन का समय और बचा है. खाद्य विभाग के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि 15 मार्च से 5 मई तक गेहूं खरीदी होगी, गर्मी का प्रकोप बढ़ने लगा है, ऐसे में खरीदी केंद्रों पर सभी तरह की व्यवस्थाएं करने के निर्देश कलेक्टरों को जारी है, जबकि प्रशासन को भी लगातार जानकारी ली जा रही है. जिन किसानों का पंजीयन हो चुका है सरकार उनके गेहूं को आखिरी तारीख तक खरीदेगी, इसलिए किसान भाई परेशान बिल्कुल भी नहीं हो, जिनका पंजीयन हैं उनका गेहूं समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा. 

2600 में हो रही गेहूं की खरीदी 

बता दें कि इस बार सरकार ने गेहूं खरीदी के लिए समर्थन मूल्य 2425 रुपए प्रति क्विंटल तय किया था, जिसमें सरकार की तरफ से 175 रुपए प्रति क्विंटल बोनस भी दिया जा रहा है, इस हिसाब से 2600 रुपए प्रति क्विंटल की दर से इस बार गेहूं की खरीदी हो रही है. बता दें कि इस बार मध्य प्रदेश में सरकार ने 3,528 खरीदी केंद्र बनाए हैं. जहां खाद्य विभाग की तरफ से लगातार गेहूं की खरीदी की जा रही है. 

26.73 टन गेहूं खरीदी 

मध्य प्रदेश में फिलहाल अब तक किसानों से सरकार ने 26.73 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी की है, जिसमें 24.44 लाख मीट्रिक टन गेहूं की परिवहन भी किया जा चुका है. खाद्य विभाग की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक किसानों को 5,027 करोड़ का भुगतान भी किया जा चुका है, जबकि 3 से 5 दिन के अंदर ही सारा भुगतान किसानों के खाते में पहुंच रहा है. मध्य प्रदेश में हर साल की तरह इस बार भी गेहूं की बंपर आवक हुई है. इस बार सरकार ने 80 लाख मीट्रिक टन खरीदी का लक्ष्य बनाया है.

साभार