'PM मोदी जो कहते हैं वो होता है', Operation Sindoor पर CM मोहन यादव ने दिया बयान
मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव ने ऑपरेशन सिंदूर की जमकर सराहना की है। इसके साथ ही उन्होंने इस सफल ऑपरेशन के लिए पीएम मोदी को बधाई भी दी
भोपाल: भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके में 9 आतंकी ठिकानों पर हमला किया है। इसे ऑपरेशन सिंदूर नाम दिया गया है। पीएम मोदी ने खुद यह नाम सुझाया है। वहीं सेना के इस सफल ऑपरेशन की देशभर में सराहना हो रही है। सरकार के साथ-साथ विपक्ष के नेता भी सेना के ऑपरेशन की सराहना कर रहे हैं। मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने भी ऑपरेशन सिंदूर की जमकर सराहना की है। इसके साथ ही उन्होंने इस सफल ऑपरेशन के लिए पीएम मोदी को बधाई भी दी है। सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो कहते हैं वह होता है।
सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगे कहा, "हमारी सेना भी जगत जननी मां जगदंबा नवदुर्गा के समान शक्ति संपन्न है, जो दुश्मनों से निपटने में सक्षम है। पाकिस्तान के 9 आतंकवादी ठिकानों पर भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। इस ऑपरेशन से पूरा देश गौरांवित है, पूरा देश आनंद में है।" उन्होंने कहा, "ऑपरेशन सिंदूर नाम से ही स्पष्ट है, सिंदूर पर हाथ लगाने वाले, गलत निगाह दौड़ने वालों को भारतीय सेना ने जवाब दिया है।"
पीएम मोदी को बधाई
सीएम मोहन यादव ने कहा, "वह दृश्य अपने आप सामने दिखाई दे रहा है, जिसमें यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि हर वह स्थान और हर वह व्यक्ति जो भारत की तरफ गलत निगाह से दिखेगा उसे मिट्टी में मिला देंगे। इसका परिणाम भी सबने देखा है। मेरी अपनी ओर से प्रधानमंत्री मोदी को आतंकी खातमे के इस जबर्दस्त प्रहार की कोटिशः बधाई। हमारे रक्षा मंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री, सभी सरकारें और पूरे भारतवासी, जिन्होंने पहलगाम पर एकजुटता दिखाई, उन सबके लिए यह गौरव का विषय है।
चट्टान की तरह खड़े पीएम मोदी
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "हम सब प्रधानमंत्री मोदी के साथ चट्टान की तरह खड़े हैं। मध्य प्रदेश की सरकार प्रधानमंत्री मोदी के हर कदम के साथ है। हमारे देश के दुश्मनों को सबक सिखाते हुए भारतीय वीरता ने जो परचम लहराया है, यह हम सब भारतवासियों के लिए गर्व का आधार है। इस ऑपरेशन में किसी को व्यक्तिगत जनहानि नहीं करते हुए आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया गया है। यह घटना 56 इंच के सीने के सामर्थ्य को दर्शाती है।"
साभार