अखिलेश यादव के विचारों से दुर्गंध आती है', गौशाला वाले बयान पर भड़के मंत्री विश्वास सारंग
अखिलेश यादव के गौशाला वाले बयान पर विश्वास सारंग ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि उन जैसे नेता इसे केवल राजनीति का मुद्दा समझते हैं।
भोपाल: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा गौशाला पर दिए गए विवादित बयान पर मध्य प्रदेश सरकार के सहकारिता और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। मंत्री सारंग ने कहा कि अखिलेश यादव के विचारों से दुर्गंध आती है और उनका बयान सनातन संस्कृति और गौमाता का अपमान करने वाला है।
मंत्री सारंग ने कहा, "गाय सिर्फ एक पशु नहीं है, बल्कि हमारी पूजनीय गौमाता है। सनातन परंपरा में गाय में करोड़ों देवी-देवताओं का वास होता है, लेकिन अखिलेश यादव जैसे नेता इसे केवल राजनीति का मुद्दा समझते हैं।"
रामभक्तों पर गोली चलाने वालों से और क्या उम्मीद करें?"
उन्होंने कहा, "जिस परिवार ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, जिसने सरेराह कारसेवकों की हत्या करवाई, उस परिवार से और क्या अपेक्षा की जा सकती है?" उन्होंने यह भी कहा कि अखिलेश यादव गौमाता का मजाक उड़ाकर तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे हैं।
"सनातन संस्कृति का मजाक उड़ाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा"
सारंग ने कड़े शब्दों में कहा, "हिंदू धर्म, परंपरा, साधु-संतों और सनातन संस्कृति का मजाक उड़ाने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा।" उन्होंने यह भी कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति शर्मनाक है और अखिलेश यादव एवं उनकी पार्टी लगातार सनातन धर्म और हिंदू आस्था के खिलाफ बयानबाजी कर रही है।
"केवल शर्म की बात नहीं है, उनके राजनीतिक हताशा का भी प्रतीक"
मंत्री सारंग ने आगे कहा, "अखिलेश यादव एंड कंपनी तुष्टिकरण की राजनीति में इतनी नीचे गिर चुकी है कि अब गौमाता का अपमान करने से भी पीछे नहीं हट रही। यह केवल शर्म की बात नहीं है, बल्कि उनके राजनीतिक हताशा का भी प्रतीक है।" उन्होंने कहा, "सनातन आस्था और हिंदू परंपराओं का अपमान करने वालों को स्वीकार नहीं किया जाएगा। गौमाता का सम्मान हर सनातनी की जिम्मेदारी है और ऐसे बयानों का हर स्तर पर विरोध किया जाएगा।"
दरअसल, अखिलेश यादव ने हाल ही में दिए अपने एक बयान में कहा कि भाजपा वाले दुर्गंध पसंद करते हैं, इसलिए गौशाला बना रहे हैं। हम सुगंध पसंद कर रहे थे, इसलिए इत्र पार्क बना रहे थे।" उनके इस बयान के बाद मंत्री विश्वास सारंग ने इसका तीखा जवाब दिया है।
साभार