अभिषेक शर्मा की बादशाहत खत्म, T20 रैंकिंग में गंवाया No-1 का स्थान, जानिए किसने छीना ताज

पिछले साल जुलाई में नंबर-1 टी20 बल्लेबाज बने अभिषेक शर्मा का ताज उनसे छिन गया है. आईसीसी ने ताजा रैंकिंग जारी कर दी है, अभिषेक दूसरे स्थान पर आ गए हैं.

Jul 1, 2026 - 16:28
 0  14
अभिषेक शर्मा की बादशाहत खत्म, T20 रैंकिंग में गंवाया No-1 का स्थान, जानिए किसने छीना ताज

भारत बनाम इंग्लैंड टी20 सीरीज से पहले अभिषेक शर्मा को बड़ा झटका लगा है, ICC की ताजा रैंकिंग में वह दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं. अभिषेक पिछले साल जुलाई में नंबर-1 टी20 बल्लेबाज बने थे. उनका ये ताज छीनने वाले कोई और नहीं बल्कि भारत के ही बल्लेबाज हैं. बुधवार, 1 जुलाई को जारी रैंकिंग में ईशान किशन नए नंबर-1 टी20 बल्लेबाज बने.

ICC की ताजा रैंकिंग में 876 रेटिंग के साथ ईशान किशन नए नंबर-1 टी20 बल्लेबाज बने हैं, ये उनके करियर की बेस्ट रेटिंग है. अभिषेक शर्मा 869 रेटिंग के साथ दूसरे स्थान पर लुढ़क गए हैं, जो आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में शून्य पर आउट हुए थे. इसके आलावा टॉप-10 में एक और बदलाव हुआ है, जोस बटलर 716 रेटिंग के साथ सातवें और सूर्यकुमार यादव 708 रेटिंग के साथ आठवें स्थान पर खिसक गए हैं.

ईशान किशन ने इसी साल हुए टी20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले न्यूजीलैंड दौरे से टी20 में वापसी की थी, तब से वह लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए आ रहे हैं. वह तेजी से रैंकिंग में ऊपर आए और आज पहला स्थान हासिल कर ही लिया.

वरुण चक्रवर्ती को भी हुआ नुकसान

आईसीसी टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में वरुण चक्रवर्ती को एक पायदान का नुकसान हुआ है, वह लुढ़ककर तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. बता दें कि चोट के कारण वह आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में खेल नहीं पाए थे. पाकिस्तान के अबरार अहमद तीसरे से दूसरे स्थान पर आ गए हैं. अफगानिस्तान के राशिद खान 753 रेटिंग के साथ नंबर-1 टी20 गेंदबाज बने हुए हैं.

शिवम दुबे 3 पायदान ऊपर

शिवम दुबे को टी20 ऑलराउंडर रैंकिंग में 3 पायदान का फायदा हुआ है, वह 220 रेटिंग के साथ सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं. ये उनके करियर की बेस्ट रेटिंग है. टी20 ऑलराउंडर रैंकिंग में जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा पहले स्थान पर काबिज हैं, दूसरे स्थान पर हार्दिक पांड्या हैं.

साभार