इंदौर में मौतों पर स‍ियासत! भागीरथपुरा में कांग्रेस-भाजपा सामने-सामने, कौन लेकर पहुंचा घंटा?

इंदौर के भागीरथपुरा हादसे को लेकर कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल जांच रिपोर्ट लेकर मौके पर पहुंचा, लेकिन भाजपा नेताओं और स्थानीय लोगों ने विरोध किया. इस दौरान “बाहरी व्यक्ति वापस जाओ” के नारे लगाए गए, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया.

Jan 3, 2026 - 17:30
 0  6
इंदौर में मौतों पर स‍ियासत! भागीरथपुरा में कांग्रेस-भाजपा सामने-सामने, कौन लेकर पहुंचा घंटा?

मध्‍य प्रदेश के इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूष‍ित पानी से हुई मौतों को लेकर अब राजनीति भी शुरू हो गई है. शनिवार को कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हो गए. कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल जांच रिपोर्ट पेश करने के लिए भागीरथपुरा पहुंचा, जहां उसे स्थानीय रहवासियों और भाजपा नेताओं के विरोध का सामना करना पड़ा. बीजेपी कार्यकर्ता 'बाहरी लोग वापस जाओ' के नारे लगा रहे हैं तो कांग्रेसी 'घंटा पार्टी मुर्दाबाद' के नारे लगा रहे हैं.

घंटा लेकर पहुंचे कांग्रेसी 

इंदौर के भागीरथपुरा में कांग्रेसी कार्यकर्ता 'घंटा' लेकर भी पहुंचे, ज‍िसे इंदौर पुल‍िस ने जब्‍त कर ल‍िया. बता दें क‍ि नए साल पर इंदौर दूष‍ित पानी केस पर सवाल पूछे जाने पर मध्‍य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विवादित शब्द 'घंटा' देश भर में गूंजा था. कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हाथ में घंटे के साथ मंत्री कैलाश व‍िजयवर्गीय का पोस्‍टर भी था, ज‍िस पर बेशर्म मंत्री ल‍िखा था. 

जानकारी के अनुसार इंदौर के भागीरथपुरा में कांग्रेस द्वारा दूष‍ित पानी हादसे की जांच के लिए पहले ही पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया था. इसी कमेटी की जांच रिपोर्ट को लेकर कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल इलाके में पहुंचा था. 

कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल के पहुंचते ही मौके पर मौजूद भाजपा नेताओं और स्थानीय रहवासियों ने कांग्रेस नेताओं का विरोध शुरू कर दिया. इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ रहवासियों ने भी कांग्रेस नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की. विरोध कर रहे लोगों ने “बाहरी व्यक्ति वापस जाओ” के नारे लगाए. 

घटना के दौरान इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा. हालांकि बाद में स्थिति को संभाल लिया गया. हादसे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के आसार हैं. मौके पर इंदौर के कई थानों की पुल‍िस और अत‍िर‍िक्‍त पुल‍िस बल को तैनात क‍िया गया है.  

क्षितिज सिंघल इंदौर नगर न‍िगम के नए आयुक्‍त 

इंदौर में दूष‍ित पानी से मौतों के बाद मध्‍य प्रदेश सरकार ने नगर न‍िगम आयुक्‍त दिलीप कुमार यादव को हटा दिया है. अब उनकी जगह आईएएस क्षितिज सिंघल को लगाया गया है. सिंघल मध्‍य प्रदेश विद्युत वितरण कम्पनी के प्रबंध संचालक की ज‍िम्‍मेदारी संभाल रहे थे. वहां से 3 जनवरी 2026 को उनका तबादला इंदौर नगर न‍िगम आयुक्‍त पद पर हुआ है.

इंदौर के नए आयुक्‍त क्षितिज सिंघल मध्‍य कैडर में साल 2014 बैच के आईएएस अध‍िकारी हैं. ये उज्‍जैन नगर न‍िगम के आयुक्‍त पद पर भी सेवाएं दे चुके हैं. उज्‍जैन में उनका कार्यकाल प्रशासन‍िक सख्‍ती और व‍िकास कार्यों को गत‍ि देने के ल‍िए याद क‍िया जाता है. 

भागीरथपुरा इलाके में पहुंचे कलेक्‍टर 

इंदौर ज‍िला कलेक्‍टर श‍िवम वर्मा दूष‍ित पानी आपूर्ति से प्रभाव‍ित इलाके भागीरथपुरा का दौरा क‍िया. इस दौरान कलेक्‍टर श‍िवम वर्मा ने भागीरथपुरा में एक टैंकर से पानी भी पीकर देखा. वहीं, दूषित पानी पीने से हुई मौतों को लेकर कलेक्टर वर्मा ने कहा कि जो डॉक्‍टर बता रहे हैं, उन्‍हें दूष‍ित पानी के सेवन से मौत माना जा रहा है. अभी आधिकारिक तौर पर 6 की मौत की पुष्टि हुई है. इलाके में रिंग सर्वें भी किया जा रहा हैं. जांच के लिए मेडिकल कॉलेज के सीनियर डॉक्टर का पैनल बनाया गया है. 

साभार