कानपुर की धरती पर लगा टेस्ट इतिहास का सबसे तेज 'शतक', छक्कों का महारिकॉर्ड भी मिनटों में हुआ ध्वस्त
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने मिलकर पहले तीन ओवर में ही 50 रन बना डाले. यह टेस्ट इतिहास में किसी टीम द्वारा लगाई गई सबसे तेज फिफ्टी है. इसके बाद टीम इंडिया ने सबसे तेज शतक का भी रिकॉर्ड बना दिया.
भारत और बांग्लादेश के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने इतिहास रच दिया है. कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने मिलकर पहले तीन ओवर में ही 50 रन बना डाले. यह टेस्ट इतिहास में किसी टीम द्वारा लगाई गई सबसे तेज फिफ्टी है. इसके बाद टीम इंडिया ने सबसे तेज शतक का भी रिकॉर्ड बना दिया.
रोहित और यशस्वी की तूफानी बल्लेबाजी
बारिश से प्रभावित इस मैच में भारतीय टीम ने जब बल्लेबाजी शुरू की तो रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने बांग्लादेशी गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किए. यशस्वी ने हसन महमूद की गेंद पर लगातार तीन चौके लगाकर तेज़ शुरुआत की. इसके बाद रोहित शर्मा ने खालिद अहमद की गेंद पर लगातार दो छक्के लगाकर बांग्लादेशी टीम को हैरान कर दिया. रोहित का पहला छक्का टेंट पर जा गिरा.
टेस्ट क्रिकेट का नया रिकॉर्ड
रोहित और यशस्वी ने मिलकर सिर्फ तीन ओवर में ही भारत के 50 रन पूरे कर दिए. यह टेस्ट क्रिकेट इतिहास में किसी टीम की सबसे तेज 50 रन है. इससे पहले यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम था जिसने इसी साल वेस्टइंडीज के खिलाफ 4.2 ओवर में 50 रन बनाए थे.
61 बॉल पर ही पूरे हो गए 100 रन
भारत ने सबसे तेज फिफ्टी बनाने के बाद सबसे तेज 100 रन का भी रिकॉर्ड बना दिया. हालांकि, यह रिकॉर्ड पहले भी भारत के नाम ही दर्ज था. टीम इंडिया ने 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ पोर्ट ऑफ स्पेन में 12.2 ओवर में 100 रन पूरे किए थे. उसमें सुधार करते हुए कानपुर में बांग्लादेश के खिलाफ 10.1 ओवर में ही 100 रन स्कोर पर खड़े कर दिए.
टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज टीम शतक (ओवर के अनुसार)
10.1- भारत बनाम बांग्लादेश, कानपुर, 2024
12.2- भारत बनाम वेस्टइंडीज, पोर्ट ऑफ स्पेन, 2023
13.1- श्रीलंका बनाम बांग्लादेश, कोलंबो, 2001
13.4- बांग्लादेश बनाम वेस्टइंडीज, मीरपुर, 2012
13.4- इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान, कराची, 2022
13.4- इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान, रावलपिंडी, 2022
13.6- ऑस्ट्रेलिया बनाम भारत, पर्थ, 2012
भारत ने बनाया सिक्स का रिकॉर्ड
भारत ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया है. वह कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाला देश बन गया. टीम इंडिया ने इस मामले में इंग्लैंड के रिकॉर्ड को तोड़ दिया. इंग्लिश टीम ने 2022 में 89 छक्के लगाए थे. वहीं, भारत ने 2021 में 87, न्यूजीलैंड ने 2014 में 81 और 2023 में 71 छक्के उड़ाए थे.
साभार