क्या होता है लिस्ट-A क्रिकेट? जिसमें विराट कोहली के नाम हैं 16000 से ज्यादा रन; जानें सारे नियम

भारत में इन दिनों विजय हजारे ट्रॉफी खूब चर्चा में है. इस लिस्ट-A टूर्नामेंट का आगाज 24 दिसंबर से हुआ था. मगर ये लिस्ट-A क्रिकेट होता क्या है?

Dec 26, 2025 - 16:50
 0  8
क्या होता है लिस्ट-A क्रिकेट? जिसमें विराट कोहली के नाम हैं 16000 से ज्यादा रन; जानें सारे नियम

भारत में इन दिनों विजय हजारे ट्रॉफी खूब चर्चा में है. इस लिस्ट-A टूर्नामेंट का आगाज 24 दिसंबर से हुआ था और इसका समापन 18 जनवरी को होगा. विराट कोहली से लेकर रोहित शर्मा और रिंकू सिंह समेत नामी खिलाड़ी अब तक इस टूर्नामेंट में शतक लगा चुके हैं. मगर ये लिस्ट-A टूर्नामेंट होता क्या है, क्या इसके नियम ODI मैचों से अलग होते हैं? यहां जानिए लिस्ट-A क्रिकेट के बारे में सबकुछ.

क्या होता है लिस्ट-A क्रिकेट?

लिस्ट-A क्रिकेट की असल परिभाषा समझें, जब किसी एक मैच की प्रत्येक पारी में 40-60 ओवर फेंके जाएं, तो वह लिस्ट-A मैच के अंतर्गत आता है. इसका मतलब चालीस ओवर, पचास ओवर और 60 ओवर वाले फॉर्मेट को लिस्ट-A क्रिकेट कहा जाता है. ये मैच आमतौर पर सफेद गेंद से खेले जाते हैं.

विजय हजारे ट्रॉफी (भारत), पाकिस्तान कप (पाकिस्तान), द फोर्ड ट्रॉफी (ऑस्ट्रेलिया) दुनिया के कुछ लोकप्रिय लिस्ट-A क्रिकेट टूर्नामेंट्स हैं. इंटरनेशनल लेवल पर होने वाले वनडे मैच यानी ODI मुकाबले भी लिस्ट-A क्रिकेट का ही रूप हैं, इसलिए ODI मैचों के आंकड़े भी लिस्ट-A रिकॉर्ड में जुड़ जाते हैं. घरेलू और गैर अंतर्राष्ट्रीय 40-60 ओवर वाले क्रिकेट मैचों को लिस्ट-A मैच की संज्ञा दी जाती है. वहीं ODI मैच अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेले जाते हैं.

विराट कोहली के नाम हैं 16000 से ज्यादा रन

लिस्ट-A क्रिकेट में विराट कोहली के नाम 16,000 से अधिक रन हैं. विराट ने इनमें से 14,557 रन ODI मैचों में बनाए हैं, वहीं बाकी रन उन्होंने भारतीय घरेलू क्रिकेट में बनाए हैं. विराट कोहली अभी लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं. सचिन तेंदुलकर ने अपने लिस्ट-A करियर में 21,999 रन बनाए, वहीं विराट कोहली अब तक लिस्ट-A क्रिकेट में 16,207 रन बना चुके हैं.

साभार