जिला पंचायत चुनाव के लिए नया शेड्यूल जारी, 22 जनवरी को होगा मतदान
मध्य प्रदेश के चार जिलों में रिक्त जिला पंचायत सदस्यों का चुनाव निरस्त होने के बाद अब नई तारीखों का ऐलान कर दिया गया है. चारों जिलों में 22 जनवरी को मतदान होगा, जबकि 27 जनवरी को परिणाम की घोषणा की जाएगी. पढ़ें पूरी खबर-
मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के चार जिलों में जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव के लिए तारीख की घोषणा कर दी है. जबलपुर, अशोकनगर, सीहोर और खंडवा में रिक्त जिला पंचायत सदस्यों के निर्वाचन जनवरी के महीने में होगा. राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है. जानिए कब होगा चुनाव-
इन जिलों में होना है चुनाव
जबलपुर ,अशोकनगर, सीहोर और खंडवा जिलों में जिला पंचायत सदस्यों का पद खाली है. ऐसे में इन पदों को भरने के लिए चुनाव होना है. इस चुनाव के लिए नामांकन पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है. नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तारीख 6 जनवरी है. प्राप्त नामांकन पत्रों की 8 जनवरी को जांच होगी. 10 जनवरी नाम वापस लेने की आखिरी तारीख है.
इस दिन होगा मतदान
- 22 जनवरी को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा मतदान
- 25 जनवरी को विकासखंड मुख्यालय पर होगी मतगणना
- 27 जनवरी को जिला मुख्यालय पर परिणाम की घोषणा की जाएगी
- प्वाइंट्स में जानें पूरा शेड्यूल
- - नामांकन भरने की अंतिम तारीख 6 जनवरी है
- - प्राप्त नामांकन पत्रों की 8 जनवरी को होगी जांच
- - 10 जनवरी नाम वापस लेने की आखिरी तारीख
- - 22 जनवरी को होगा मतदान
- - 25 जनवरी को विकासखंड मुख्यालय पर होगी काउंटिंग
- - 27 जनवरी को जिला मुख्यालय पर परिणाम की घोषणा की जाएगी
30 दिसंबर को होने वाले अध्यक्ष पद के चुनाव निरस्त
चारों जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव 30 दिसंबर को होना था, जिसे निरस्त कर दिया गया है. अध्यक्षों के विधायक चुने जाने से ये पद खाली हुए हैं. अब अध्यक्ष से पहले खाली सदस्य के पद पर उपचुनाव कराया जाएगा. इस संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग ने चारों जिलों के कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी को आदेश भी जारी किया है.
बता दें कि जबलपुर,अशोकनगर,खंडवा और सीहोर के जिला पंचायत अध्यक्ष के अध्यक्ष अब विधायक बन चुके हैं. दोनों में से एक ही पद पर वह रह सकते हैं इसलिए उन्होंने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया हैं. इनमें जबलपुर जिले के सिहोरा से संतोष बरकड़े, खंडवा से कंचन तनवे,अशोकनगर जिले के चंदेरी से जगन्नाथ रघुवंशी और सीहोर जिले के आष्टा से गोपाल इंजीनियर अध्यक्ष रहते हुए विधायक चुने गए हैं.
साभार