टीम इंडिया के सुपर-8 मुकाबलों का कुछ ऐसा है शेड्यूल, जानें किन टीमों से होगा सामना

सुपर-8 ग्रुप-1 में मेजबान भारत के साथ जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका ने जगह बनाई है.

Feb 19, 2026 - 17:32
 0  8
टीम इंडिया के सुपर-8 मुकाबलों का कुछ ऐसा है शेड्यूल, जानें किन टीमों से होगा सामना

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया का विजयी अभियान जारी है. लगातार चार मुकाबले जीतकर भारत ने न सिर्फ सुपर-8 में दमदार एंट्री की है, बल्कि खिताब पर दावेदारी भी मजबूत कर ली है. अब टूर्नामेंट निर्णायक मोड़ पर है, जहां हर मुकाबला सेमीफाइनल की राह तय करेगा. इस बीच चलिए जानते हैं सुपर 8 में टीम इंडिया का मुकाबला कब और किस टीम के खिलाफ है. सुपर-8 ग्रुप-1 में मेजबान भारत के साथ जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका ने जगह बनाई है. चारों टीमों के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक रहने वाला है. रनरेट भी यहां बहुत अहम भूमिका निभा सकता है.

कब-कब है सुपर-8 में भारत का मुकाबला 

भारत अपना पहला मुकाबला दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेगा, ये मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम सात बजे से खेला जाएगा. सुपर-8 में भारत की शुरुआत ही हाई-वोल्टेज मुकाबले से होगी. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यह मैच बेहद अहम होगा. अहमदाबाद की पिच पर तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है, ऐसे में शुरुआती ओवर निर्णायक साबित हो सकते हैं.

दूसरा मुकाबला: भारत vs जिम्बाब्वे

भारत का सुपर-8 में दूसरा मुकाबला जिम्बाब्वे के खिलाफ चेन्नई के चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा. चेन्नई की स्पिन अनुकूल पिच पर यह मुकाबला शानदार रणनीति का खेल होगा. भारत के स्पिन आक्रमण के लिए यह सुनहरा मौका हो सकता है, वहीं जिम्बाब्वे भी टक्कर देने की कोशिश करेगा. अंक तालिका में मजबूती के लिहाज से यह मैच बेहद अहम माना जा रहा है.

तीसरा मुकाबला: भारत vs वेस्टइंडीज

कोलकाता का ऐतिहासिक मैदान एक बार फिर बड़े मुकाबले का गवाह बनेगा. भारत अपना तीसरा सुपर-8 का मुकाबला वेस्टइंडीज के खिलाफ 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन में खेला जाएगा. वेस्टइंडीज की विस्फोटक बल्लेबाजी के सामने भारत की गेंदबाजी की असली परीक्षा होगी. यहां ग्रुप-1 की तस्वीर पूरी तरह साफ कर सकता है.

ग्रुप-2 पर भी डालें एक नजर

ग्रुप-2 में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमें आमने-सामने हैं. पाकिस्तान अपने सुपर-8 अभियान की शुरुआत कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ करेगा.

नॉकआउट चरण के मुकाबले 4 और 5 मार्च को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल 8 मार्च को तय है. सेमीफाइनल और फाइनल के लिए रिजर्व डे भी रखा गया है.

घरेलू परिस्थितियां भारत के पक्ष में हैं, लेकिन उम्मीदों का दबाव भी कम नहीं होगा. लगातार चार जीत से टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है पर अब असली चुनौती सुपर-8 में इसे बनाए रखने की है. अगर यही लय बरकरार रही, तो भारत के लिए सेमीफाइनल का टिकट दूर नहीं होगा. भारतीय फैंस की निगाहें अब 22 फरवरी पर टिकी हैं, जब सुपर-8 में टीम इंडिया अपने अभियान को नई दिशा देने उतरेगी.

साभार