ट्विशा शर्मा केस: समर्थ की केस डायरी देख भड़की CBI, रिकॉर्ड दुरुस्त करने खुद थाने पहुंचे SIT चीफ

भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा केस की जांच के पहले ही दिन सीबीआई के सामने स्थानीय पुलिस की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है. आरोपी समर्थ जैन की 360 पन्नों से ज्यादा की केस डायरी अव्यवस्थित और आउट ऑफ सीक्वेंस होने पर सीबीआई अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई है, जिसके बाद एसआईटी चीफ खुद रिकॉर्ड दुरुस्त करने थाने पहुंचे हैं. केस डायरी में कई अहम कड़ियां गायब होने की वजह से इसे अभी तक सीबीआई को नहीं सौंपा जा सका है और मंगलवार को आरोपी की कोर्ट पेशी भी टलने की आशंका है

May 26, 2026 - 19:58
 0  74
ट्विशा शर्मा केस: समर्थ की केस डायरी देख भड़की CBI, रिकॉर्ड दुरुस्त करने खुद थाने पहुंचे SIT चीफ

भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा केस की जांच करने के पहले ही दिन CBI के सामने स्थानीय पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सीबीआई के आला अधिकारियों ने जब आरोपी समर्थ के केस से जुड़ी डायरी देखी, तो वे उसके रख-रखाव को लेकर बुरी तरह भड़क गए . केस डायरी पूरी तरह से अव्यवस्थित है और उसमें घटनाओं का क्रम (सीक्वेंस) सही नहीं है . इसके अलावा केस डायरी में कई अहम बातों का उल्लेख भी नहीं है. इस पर केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों की सख्त नाराजगी के बाद अब एसआईटी (SIT) टीम पूरी डायरी को नए सिरे से दुरुस्त करने में जुट गई है .

 360 पन्नों की डायरी में कई अहम बातों का उल्लेख नहीं

बताया जा रहा है कि आरोपी समर्थ की यह केस डायरी 360 पन्नों से भी ज्यादा बड़ी है . स्थानीय अधिकारियों ने इसे बेहद अव्यवस्थित तरीके से सीबीआई के सामने पेश कर दिया था, जिस पर अधिकारियों ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है 

डायरी सीक्वेंस में नहीं होने के साथ-साथ इसमें केस से जुड़ी कई महत्वपूर्ण बातों और तथ्यों का उल्लेख तक नहीं किया गया है . यही वजह है कि गंभीर खामियों और तकनीकी पेंच के चलते अभी तक यह केस डायरी आधिकारिक तौर पर सीबीआई की टीम को नहीं सौंपी जा सकी है .

कस्टडी लेने थाने नहीं पहुंची सीबीआई, कोर्ट पेशी पर संशय

केस डायरी व्यवस्थित न होने का सीधा असर अब पूरी कानूनी प्रक्रिया पर पड़ता दिख रहा है . कागजात और डायरी का सीक्वेंस दुरुस्त न होने के कारण ही सीबीआई की टीम अभी तक आरोपी समर्थ के पास थाने नहीं पहुंची है . प्रशासनिक और कानूनी गलियारों से आ रही खबरों के मुताबिक, इन तकनीकी कमियों के चलते यह पूरी संभावना है कि आरोपी समर्थ को मंगलवार को कोर्ट में पेश नहीं किया जाएगा .

पुलिस कमिश्नर संजय कुमार से मिले सीबीआई अधिकारी

मामले की गंभीरता और लोकल पुलिस की इस ढीली कार्यप्रणाली को लेकर सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारियों ने सीधे पुलिस कमिश्नर संजय कुमार से मुलाकात की है . इस मुलाकात के दौरान सीबीआई ने केस डायरी की अव्यवस्था और जांच से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अपनी सख्त नाराजगी से कमिश्नर को अवगत कराया है . सीबीआई की इस फटकार के बाद अब एसआईटी चीफ खुद एक्टिव हो गए हैं और उनके निर्देशन में पूरी केस डायरी को दोबारा व्यवस्थित और क्रमवार करने का काम तेजी से किया जा रहा है, ताकि इसे जल्द से जल्द केंद्रीय टीम को सौंपा जा सके .

साभार