थैंक्यू बोलकर ट्रंप ने लगा दिया PAK का काम, करने वाले हैं बड़ा ऐलान... पाकिस्तानियों ने सोचा नहीं होगा
डोनाल्ड ट्रंप का यह कदम ऐसे समय में आया है जब उन्होंने कैपिटल हिल में संयुक्त कांग्रेस को संबोधित करते हुए पाकिस्तान की सराहना की थी. ट्रंप ने पाकिस्तान को अफगान आतंकी मोहम्मद शरीफुल्लाह की गिरफ्तारी में मदद के लिए धन्यवाद दिया था.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पाकिस्तान को धन्यवाद देने के बाद अब एक बड़े फैसले की तैयारी में हैं. इस फैसले से पाकिस्तान और अफगानिस्तान के नागरिकों को बड़ा झटका लग सकता है. अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक डोनाल्ड ट्रंप जल्द ही एक नया ट्रैवल बैन लागू कर सकते हैं जिससे पाकिस्तानी और अफगानी नागरिकों का अमेरिका में प्रवेश प्रतिबंधित हो सकता है. यह फैसला उन देशों की सुरक्षा और वेरिफिकेशन प्रक्रियाओं की समीक्षा के आधार पर लिया जाएगा. यह बैन ट्रंप के पहले कार्यकाल में मुस्लिम-बहुल देशों पर लगाए गए प्रतिबंधों की तरह ही हो सकता है जिसे 2018 में सुप्रीम कोर्ट ने बरकरार रखा था लेकिन बाद में जो बाइडेन ने हटा दिया था.
पहले PAK को दिया धन्यवाद, अब बैन की तैयारी
असल में डोनाल्ड ट्रंप का यह कदम ऐसे समय में आया है जब उन्होंने कैपिटल हिल में संयुक्त कांग्रेस को संबोधित करते हुए पाकिस्तान की सराहना की थी. ट्रंप ने पाकिस्तान को अफगान आतंकी मोहम्मद शरीफुल्लाह की गिरफ्तारी में मदद के लिए धन्यवाद दिया था. यह वही आतंकी है जो 2021 में काबुल एयरपोर्ट पर हुए एबी गेट बम धमाके की साजिश में शामिल था. जिसमें 13 अमेरिकी सैनिकों और 170 अफगानी नागरिकों की मौत हुई थी. ट्रंप ने कहा था कि हमें वह आतंकवादी मिल गया है जो इस भयावह हमले के लिए जिम्मेदार था और वह अब अमेरिकी न्याय का सामना करने के लिए हमारे पास आ रहा है. मैं विशेष रूप से पाकिस्तान सरकार का इस राक्षस को गिरफ्तार करने में मदद के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं.
अब नए फैसले से पाकिस्तान को झटका
एक रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप प्रशासन के संभावित यात्रा प्रतिबंधों की सूची में अफगानिस्तान और पाकिस्तान का नाम शामिल होने की संभावना जताई जा रही है. अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक पाकिस्तान के खिलाफ यह कदम उसकी आंतरिक सुरक्षा स्थिति को ध्यान में रखते हुए उठाया जा सकता है. हाल ही में पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में एक सैन्य अड्डे पर हुए दोहरे आत्मघाती हमले में छह सुरक्षाकर्मी मारे गए थे. इसके अलावा पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सेनाओं के बीच डूरंड लाइन को लेकर भी अक्सर झड़पें होती रहती हैं. ऐसे में अमेरिका इन देशों को सुरक्षा जोखिम मान सकता है और नागरिकों के प्रवेश पर रोक लगा सकता है.
शरीफ ने जताया आभार... लेकिन नया संकट सामने
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का आभार जताया और कहा कि हम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का शुक्रगुजार हैं कि उन्होंने हमारे सुरक्षा बलों की आतंकवाद विरोधी मुहिम को सराहा है. पाकिस्तान ने सीआईए की खुफिया जानकारी के आधार पर शरीफुल्लाह को गिरफ्तार किया था. हालांकि ट्रंप की संभावित ट्रैवल बैन नीति पाकिस्तान के लिए एक नई चुनौती बन सकती है. यदि अमेरिका पाकिस्तानियों के प्रवेश पर आंशिक या पूर्ण रोक लगाता है तो इससे पाकिस्तानी नागरिकों को वीजा मिलने में मुश्किलें आ सकती हैं और अमेरिका में उनके रोजगार और शिक्षा के अवसर भी प्रभावित हो सकते हैं.
कनाडा-मेक्सिको पर ट्रंप का फैसला
इन सबके बीच डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा और मैक्सिको से आयात पर लगाए गए कड़े टैरिफ को अस्थायी रूप से रोक दिया है जिससे व्यापार जगत को थोड़ी राहत मिली है. इससे पहले अमेरिका ने उत्तर अमेरिकी व्यापार समझौते (USMCA) के तहत दोनों देशों पर 25% तक के आयात शुल्क लगा दिए थे. हालांकि ऑटो सेक्टर में बड़ी कंपनियों से बातचीत के बाद ट्रंप प्रशासन ने एक महीने की छूट दी है. लेकिन यह राहत सीमित होगी. 62% कनाडाई और लगभग आधे मैक्सिकन आयात अभी भी अमेरिकी टैरिफ के दायरे में आएंगे।
साभार