दिल्ली में आज से BJP का राष्ट्रीय अधिवेशन, MP-छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भी होंगे शामिल

लोकसभा चुनाव का ऐलान होने में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा. ऐसे में भाजपा ने 370 सीटों के लक्ष्य के साथ अपनी रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है. आज से भाजपा का दिल्ली में 2 दिन का राष्ट्रीय अधिवेशन शुरू हो रहा है. इसमें पीएम मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत सभी भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक और संगठन के पदाधिकारी शामिल होंगे.

Feb 17, 2024 - 16:36
 0  13
दिल्ली में आज से BJP का  राष्ट्रीय अधिवेशन, MP-छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भी होंगे शामिल

लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों के लिए बीजेपी का 2 दिन का राष्ट्रीय अधिवेशन शनिवार से नई दिल्ली के भारत मंडपम में शुरू हो रहा है. इसमें बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, संगठन मंत्री और जिलाध्यक्ष से लेकर ऊपर के तमाम पार्टी पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं. अधिवेशन में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे. अधिवेशन में मोदी सरकार ने बीते 10 साल में जो काम किए हैं उनका ब्यौरा कार्यकर्ताओं को दिया जाएगा और जनता के बीच उसको पहुंचाने के लिए कहा जाएगा.

सुबह 9 बजे से 11 बजे तक पार्टी के संगठन पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक शुरू होगी. इस दौरान संगठन के कामकाज की समीक्षा की जाएगी. इसके बाद डेलिगेट्स का रजिस्ट्रेशन शुरू होगा और लंच के बाद पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा का उद्घाटन भाषण होगा. आज और कल 2 दिन की बैठक में पार्टी के अलग-अलग सत्रों में कई प्रस्ताव लाए जाएंगे, जिसमें आर्थिक राजनीतिक और राम मंदिर से जुड़ा प्रस्ताव होगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज की बैठक में भी मौजूद रह सकते हैं, हालांकि समापन भाषण भी प्रधानमंत्री का कल इसी सत्र में होगा. अधिवेशन में पार्टी के तकरीबन 11 हजार कार्यकर्ता देश के अलग-अलग हिस्से से इसमें भाग ले रहे हैं.

आज रवाना होंगे मुख्यमंत्री

अधिवेशन में शामिल होने के लिए सीएम डॉ मोहन यादव आज ही दिल्ली के लिए रवाना होंगे. सीएम भोपाल से सुबह 11 बजे दिल्ली जाएंगे. मोहन यादव 2 दिन दिल्ली के दौरे पर रहेंगे. सीएम के अलावा प्रदेश भाजपा के कई बड़े नेता भी अधिवेशन में शामिल होंगे. इधर, छत्तीसगढ़ से सीएम विष्णुदेव साय, मंत्री मंडल, सभी विधायक, प्रदेश अध्यक्ष, पदाधिकारी समेत सत्ता और संगठन से जुड़े नेता दिल्ली पहुंच चुके हैं. कुल मिलाकर अधिवेशन में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ से 330 नेता दिल्ली पहुंच चुके हैं. 

अधिवेशन में इन मुद्दों पर होगी चर्चा

बीजेपी इस अधिवेशन में पिछले एक साल में किए कार्यक्रमों और कार्य योजनाओं की समीक्षा करेगी. लोकसभा चुनाव को लेकर बनी रणनीति पर भी चर्चा होगी. इसके अलावा आने वाले सालों के लिए कार्ययोजना बनाई जाएगी.

साभार