प. बंगाल में अब सरकारी स्कूलों में गाना होगा वंदे मातरम, प्राइवेट स्कूलों के लिए भी CM शुभेंदु ने बताया प्लान
शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता में मीडिया को जानकारी दी कि सोमवार, 18 मई से सरकारी स्कूलों में वंदे मातरम गाना अनिवार्य हो जाएगा.
पश्चिम बंगाल के बीजेपी सरकार की सत्ता संभालने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी लगातार बड़े फैसले कर रहे हैं. इसी कड़ी में आज उन्होंने सरकारी स्कूलों में राष्ट्रगान वंदे मातरम को लेकर एक बड़ा फैसला किया. उन्होंने आज घोषणा की कि पश्चिम बंगाल के सभी सरकारी और सरकारी मदद से चलनेवाले स्कूलों में वंदे मातरम का गायन अनिवार्य किया जा रहा है. शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि सोमवार, 18 मई से ही यह आदेश लागू हो जाएगा. उन्होंने कहा कि इस संबंध में वह आज ही औपचारिक नोटिस जारी किया जाएगा. शुभेंदु अधिकारी ने साथ ही मीडिया से कहा कि प्राइवेट स्कूलों से भी सरकार यह अपील करेगी कि वे अपने शिक्षण संस्थानों में वंदे मातरम गाने को अनिवार्य घोषित कर दें.
पश्चिम बंगाल के चुनाव में बड़ा चुनावी मुद्दा रहा वंदे मातरम
पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान वंदे मातरम एक बड़ा चुनावी मुद्दा बनकर उभरा था. भारतीय जनता पार्टी ने वंदे मातरम को बंगाली अस्मिता और राष्ट्रवाद के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया था. पार्टी ने इसके 150 वर्ष पूरे होने पर राज्यभर में सामूहिक गायन और पदयात्राओं का आयोजन किया. साथ ही, बंकिम चंद्र चटर्जी की विरासत को भी चुनावी अभियान में प्रमुखता से उठाया गया.
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान में शुभेंदु अधिकारी बड़े जोर-शोर से 'वंदे मातरम' और 'जय श्री राम' के नारे लगाते रहे थे और उन्होंने अपनी छवि एक आक्रामक हिंदूवादी राजनेता की बना ली थी. अब बीजेपी सरकार का नेतृत्व संभालने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने वंदे मातरम को सरकारी स्कूलों में अनिवार्य करने का बड़ा कदम उठाया है.
जन-गण-मन के समान दर्जा
पश्चिम बंगाल चुनाव में मिली जीत के बाद पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की पहली बैठक में वंदे मातरम को राष्ट्रगान जन गण मन के समान दर्जा देने का फैसला किया गया. कैबिनेट के इस फैसले के अनुसार, बंकिम चंद्र चटर्जी द्वारा रचित वंदे मातरम पर अब वही नियम और पाबंदियां लागू होंगी जो वर्तमान में राष्ट्रगान पर लागू हैं. यानी इसके अपमान या गायन में बाधा डालने की स्थिति में सजा का प्रावधान रहेगा.
तृणमूल कांग्रेस नहीं करेगी विरोध
पश्चिम बंगाल की मुख्य विपक्षी पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने कहा है कि वह शुभेंदु सरकार के वंदे मातरम पर लिए गए फैसले का विरोध नहीं करेगी. पार्टी प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा है कि टीएमसी नई बीजेपी सरकार के हर कदम पर नजर रखे हुए है लेकिन वह सरकार के हर फैसले और योजना का विरोध नहीं करना चाहती. कुणाल घोष ने कहा,"आखिरकार यह सरकार जनादेश लेकर आई है."
साभार