पूर्व CM ने PM मोदी को लिखा पत्र, इन मंत्रियों पर लगाए गंभीर आरोप

नर्सिंग फर्जीवाड़े मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने पीएम मोदी को पत्र लिखा है. उन्होंने इस फर्जीवाड़े में कई मंत्रियों पर सवाल उठाए हैं.

Jun 1, 2024 - 16:20
 0  9
पूर्व CM ने PM मोदी को लिखा पत्र, इन मंत्रियों पर लगाए गंभीर आरोप

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने नर्सिंग कॉलेज फर्जीवाड़े को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है. पत्र में उन्होंने पूर्व भाजपा सरकार और तत्कालीन चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग को जांच के दायरे में लाने की मांग की है. दिग्विजय सिंह ने कहा कि इस फर्जीवाड़े की जांच सीबीआई की एसआईटी बनाकर हाईकोर्ट के मौजूदा जज से कराई जानी चाहिए.

नर्सिंग घोटाले को लेकर दिग्विजय सिंह ने PM मोदी को लिखा पत्र

दिग्विजय सिंह ने पत्र में लिखा कि "मध्यप्रदेश में विगत एक दशक से गूंज रहे व्यापम भर्ती घोटाले की स्याही अभी सूखी भी नहीं थी कि एक और नर्सिंग कॉलेज घोटाले ने राज्य की साख को तार-तार कर दिया है. इस मामले में राज्य सरकार की जिम्मेदार एजेंसियों और शीर्ष स्तर के राजनेता से लेकर नौकरशाह तक पूर्ण रूप् से लिप्त और हिस्सेदार हैं. हाल ही में आपकी बहुचर्चित एजेंसी सी.बी.आई. के अफसरों ने भी करोड़ों रूपये की रिश्वत खाकर म.प्र. उच्च न्यायालय के आदेश पर अब तक की गई जांच को संदिग्ध बना दिया है". 

दिग्विजय सिंह ने आगे लिखा, "तत्कालीन मंत्री परिषद के सदस्यों की शह पर अफसरों ने म.प्र. नर्सिंग शिक्षण संस्था मान्यता अधिनियम 2018 की धज्जियां उड़ाते हुए 300 से अधिक नर्सिंग कॉलेज खुलवा दिये. इन फर्जी कॉलेजों में न पर्याप्त स्थान था, न ही वांछित बिस्तरों का अस्पताल. यही नहीं माइग्रेट फेकल्टी के नाम पर दूसरे राज्यों के शिक्षकों को इन संस्थाओं में कार्यरत दिखाकर धोखाधड़ी की. शिक्षा माफिया और अफसरों के गठजोड़ ने हजारों छात्रों के भविष्य पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है. मंत्री स्तर से संरक्षण प्राप्त विभाग के प्रमुख सचिव, सचिव से लेकर आयुक्त/संचालक तकनीकी शिक्षा ने नर्सिंग डिग्री और डिप्लोमा जैसे कोर्स की विश्वसनीयता संदिग्ध बना दी. मध्यप्रदेश सहित बाहर के राज्यों के नौजवानों के एडमिशन कागजी खानापूर्ति के लिये खुली छूट दे दी. बिना नर्सिंग कॉलेज में पढ़े डिग्री/डिप्लोमा प्राप्त ये हजारों छात्र प्रदेश के करोड़ों लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर जनता से द्रोह किया गया है."

साभार