फाइल में दबा पन्ना आया बाहर, जबलुपर बरगी डैम क्रूज हादसे में बड़ा खुलासा, दोनों इंजन हो चुके थे सीज

यह खुलासा जबलपुर बरगी स्थित मप्र राज्य पर्यटन विकास निगम के मैकल रिसॉर्ट के एक पत्र से हुआ है. जिसमें अधिकारियों को खटारा हो चुके क्रूज की कंडीशन बताई गई थी. यह पत्र 1 मार्च 2026 को क्षेत्रीय प्रबंधक, मप्र राज्य पर्यटन विकास निगम जबलपुर को भेजा गया था.

May 13, 2026 - 15:52
 0  9
फाइल में दबा पन्ना आया बाहर, जबलुपर बरगी डैम क्रूज हादसे में बड़ा खुलासा, दोनों इंजन हो चुके थे सीज

जबलपुर क्रूज हादसे में अब तक का सबसे बड़ा खुलासा हुआ है. पता चला है कि क्रूज के इंजन बार-बार खराब हो रहे थे, वे सीज भी हो चुके थे. अब उनके सुधार की कोई गुंजाइश नहीं बची थी. कंपनी की ओर से साफ कह दिया गया था कि दोनों इंजन बदलवाने होंगे. 

यह खुलासा जबलपुर बरगी स्थित मप्र राज्य पर्यटन विकास निगम के मैकल रिसॉर्ट के एक पत्र से हुआ है. जिसमें अधिकारियों को खटारा हो चुके क्रूज की कंडीशन बताई गई थी. यह पत्र 1 मार्च 2026 को क्षेत्रीय प्रबंधक, मप्र राज्य पर्यटन विकास निगम जबलपुर को भेजा गया था. अगले महीने 30 अप्रैल को क्रूज हादसे का शिकार हो गया, जिसमें 13 लोगों ने अपनी जान गंवा दी. 

एक क्रूज 20, दूसरा 19 साल पुराना 

'मैकल रिसोर्ट बरगी का पत्र- इकाई में 2 क्रूज उपलब्ध हैं. मैकल सुता क्रूज वर्ष 2006 से आया था, जिसे लगभग 20 साल हो गए हैं और दूसरा दूसरा क्रूज रेवा साल 2007 में आया था, जिसे करीब 19 वर्ष हो गए हैं. महोदय दोनों क्रूज के इंजन में कई बार सुधार कार्य हो चुका है, लेकिन अब यह बार-बार खराब होते हैं. जिस संबंध में अनेकों बार पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया है'. 

2025 में सीज हो चुके थे इंजन  

'महोदय, 14 जनवरी 2025 को रेवा क्रूज के राउंड के दौरान दोनों इंजन बंद (सीज) हो गए थे. हैदराबाद बोट डीलर द्वारा मेल के माध्यम से अवगत कराया गया कि इंजन काफी पुराने हो गए हैं, उनके पर्याप्त स्पेयर उपलब्ध नहीं हो रहे हैं, अतः दोनों इंजन ही बदलना चाहिए'. 

दूसरे क्रूज का इंजन भी खराब 

'महोदय, इकाई का दूसरा क्रूज मैकल सुता का एक इंजन ठीक तरह से लोड नहीं ले रहा है, जिस कारण क्रूज को किनारे लगाने में और राउंड पर निकालते समय काफी कठिनाई होती है. कभी-कभी तेज हवाओं या लहरों के चलते स्पीड बोट का सहारा लेकर निकालना और लगाना पड़ता है. इसका दूसरा इंजन भी ओवर लोड लेता है, कई बार स्टार्ट होने में समस्या करता है, सेल्फ के खराब हो जाने से. जिस कारण क्रूज बोट की सेवा बंद करनी पड़ती है, जिसके कारण पर्यटकों द्वारा नाराजगी व्यक्त की जाती है'. 

पत्र में साफ कहा था- सुधार शीघ्र आवश्यक 

'महोदय, वर्तमान में इकाई में एक ही क्रूज मैकल सुता संचालित है, जिसके इंजन का सुधार कार्य यथाशीघ्र किया जाना आवश्यक है, अन्यथा की स्थिति में क्रूज संचालन किसी भी समय बंद करना पड़ सकता है. जिससे पर्यटन सीजन प्रभावित होने से पहले और वर्तमान में क्रूज के संचालन को ध्यान रखते हुए सुधार कार्य या इंजन बदला जाना अति आवश्यक है. जिससे इकाई को वर्तमान में हो रही वित्तीय हानि की पूर्ति पर्यटन सीजन में की जा सके'. इस पत्र में, इकाई का पत्र क्रमांक 45 दिनांक 16.04.2025, पत्र क्रमांक 108 दिनांक 11.08.2025, पत्र क्र.169 दिनांक 17/11/25 का भी जिक्र है. यह पत्र क्षेत्रीय प्रबंधक महोदय, मप्र पर्यटन विकास निगम जबलपुर को भेजा गया था'. 

साभार