फ्री टिकट होने चाहिए..." अहमदाबाद में खाली स्टेडियम देखकर वीरेंद्र सहवाग चौंके, कर डाली खास अपील
भारत के पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने भी इसपर रिएक्ट किया. सहवाग ने अपने ही अंदाज में इस मामले में अपनी बात लिखी. सोशल मीडिया मंच X पर सहवाग ने विश्व कप के पहले मैच में दर्शकों को स्टेडियम में न देखकर अपने विचार व्यक्त किए हैं.
October 05, 2023
सहवाग का रिक्शन हुआ वायरल
विश्व कप के पहले मैच को देखने के लिए दर्शक स्टेडियम में काफी कम मात्रा में पहुंचे, जिसको देखकर सोशल मीडिया पर फैन्स ने खूब मजे लिए. वहीं, भारत के पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने भी इसपर रिएक्ट किया. सहवाग ने अपने ही अंदाज में इस मामले में अपनी बात लिखी. सोशल मीडिया मंच X पर सहवाग ने विश्व कप के पहले मैच में दर्शकों को स्टेडियम में न देखकर लिखा "उम्मीद है कि ऑफिस का काम समाप्त करने के बाद अधिक लोग (मैच देखने) आएंगे.. जिन मैचों में भारत शामिल नहीं है, उनमें स्कूल और कॉलेज के बच्चों के लिए मुफ्त टिकट होने चाहिए.. 50 ओवर के खेल में रुचि कम होने के बाद इससे युवाओं को विश्व कप के मैच को देखने के अनुभव मिलेगा और खिलाड़ियों को भी खचाखच भरे स्टेडियम में खेलने का मौका मिलेगा." सहवाग का यह ट्वीट सोशल मीडिया पर धूम मचा रहा है. फैन्स भी सहवाग की इस सोच का समर्थन कर रहे हैं.
मैच की बात करें तो इंग्लैंड ने मैच में पहले बल्लेबाजी की और 50 ओवर में 282 रन बनाए. न्यूजीलैंड के कामचलाऊ स्पिनर ग्लेन फिलिप्स ने तीन ओवर में 17 रन देकर दो विकेट लिए जिनमें इंग्लैंड की तरफ से सर्वाधिक 77 रन बनाने वाले जो रूट और ऑलराउंडर मोईन अली (11) जैसे खिलाड़ी शामिल हैं, मिशेल सेंटनर ने 10 ओवर में 37 रन देकर दो और मैट हेनरी ने 48 रन देकर तीन विकेट लिए. विश्व कप 2023 का पहला रन छक्के के रूप में आया जो जॉनी बेयरस्टो (35 गेंद पर 33 रन) ने ट्रेंट बोल्ट पर बैकवर्ड स्क्वायर लेग क्षेत्र में लगाया, इसके बाद उन्होंने चौका जड़ा और इस तरह से पहले ओवर में 12 रन जुटाए लेकिन इसके बाद परिस्थितियां बदलने में समय नहीं लगा.
हेनरी ने डेविड मालन (14) को शुरू से ही परेशान किया और आखिर में उन्होंने इस बल्लेबाज को विकेट के पीछे कैच कराकर न्यूजीलैंड को पहली सफलता दिलाई, उसे दूसरा विकेट हासिल करने में ज्यादा समय नहीं लगा। सेंटनर ने बेयरस्टो को सीमा रेखा पर डेरेल मिचेल के हाथों कैच करा कर उनकी आक्रामकता पर विराम लगाया. हैरी ब्रूक ने 16 गेंद पर 25 रन की तूफानी पारी खेली. उन्होंने रचित रविंद्र पर दो चौके और एक छक्का लगाया लेकिन बाएं हाथ के इस स्पिनर पर एक और लंबा शॉट खेलने के प्रयास में उन्होंने डेवोन कॉनवे को कैच थमा दिया.
ऐसे समय में फिलिप्स को गेंद सौंपने का फैसला सही साबित हुआ और उन्होंने मोईन अली को ज्यादा देर तक नहीं टिकने दिया. इस तरह से बेन स्टोक्स की अनुपस्थिति में मोइन को ऊपर भेजने का फैसला सही साबित नहीं हुआ. इसके बाद रूट और कप्तान जोस बटलर (42 गेंद में 43 रन, दो चौके, दो छक्के) ने पांचवें विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी की जिससे इंग्लैंड की बड़ा स्कोर बनाने की उम्मीदें जगी लेकिन हेनरी ने अपने दूसरे स्पेल में इंग्लैंड के कप्तान को विकेट के पीछे कैच करा कर पवेलियन भेज दिया.
पिछले चार वर्षों में बहुत अधिक वनडे मैच नहीं खेलने के बावजूद रूट ने एक छोर संभाले रखा और इस प्रारूप में अपना 36वां अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने फिलिप्स पर रिवर्स स्वीप लगाने के प्रयास में अपना विकेट इनाम में दिया। रूट ने अपनी 86 गेंद की पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया.