बंगाल में कांग्रेस को सिर्फ 2 सीट क्यों देना चाहती हैं ममता बनर्जी?
इंडिया गठबंधन के दलों ने लोकसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारों की चर्चा शुरू कर दी है. इस बीच दावा किया जा रहा है कि टीएमसी ने बंगाल में सिर्फ 2 सीटें देने का ऑफर दिया है.
पश्चिम बंगाल में एक समय कांग्रेस सबसे ताकतवर पार्टी थी. कांग्रेस ने करीब 3 दशक तक राज्य में शासन किया. लेकिन, अब कांग्रेस बैकफुट पर आ गई है. कांग्रेस सांसद अबू हशम खान चौधरी ने दावा किया है कि इंडिया गठबंधन में शामिल तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने राज्य में लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस को सिर्फ 2 सीटें देने का ऑफर दिया है. हालांकि, अभी तक आधिकारिक तौर पर पश्चिम बंगाल में कांग्रेस और तृणमूल के बीच सीटों का बंटवारा नहीं हुआ है. लेकिन, अबू हशम खान चौधरी के दावे के बाद पश्चिम बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने कहा है कि कांग्रेस, टीएमसी से सीटों की भीख नहीं मांगेगी. लेकिन, क्या आप जानते हैं कि ममता बनर्जी, कांग्रेस को सिर्फ 2 सीटें ही क्यों देना चाहती हैं?
बंगाल में कितनी सीटें चाहती है कांग्रेस पार्टी?
बता दें कि इंडिया गठबंधन के दलों ने लोकसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारों की चर्चा शुरू कर दी है. इसकी शुरुआत रविवार (7 जनवरी) को बिहार से हुई है. इसके बाद सोमवार को कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच बैठक हुई. इसके बाद मंगलवार को महाराष्ट्र की सीटों पर चर्चा हुई. अधिकांश राज्यों में इंडिया गठबंधन के घटक दलों के बीच सीटों का बंटवारा अभी तक नहीं हुआ है, लेकिन इस बीच रिपोर्ट्स में कई तरह के दावे किए जा रहे हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, कांग्रेस बंगाल में 8 सीटों की मांग कर रही है, जिसमें मुर्शिदाबाद की तीन और मालदा की दो सीटों के अलावा दार्जिलिंग, पुरुलिया और रायगंज सहित सीट शामिल हैं.
ममता बनर्जी क्यों देना चाहती हैं सिर्फ 2 सीट?
हालांकि, ममता बनर्जी ने कांग्रेस को 2 सीटें देने का ऐलान नहीं किया है. लेकिन, कांग्रेस को पश्चिम बंगाल में सिर्फ दो सीटें देने की सबसे बड़ी वजह उसका प्रदर्शन हो सकता है. बता दें कि साल 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पश्चिम बंगाल में सिर्फ 2 सीटों पर जीत दर्ज कर पाई थी. राज्य की 42 में से 40 सीटों पर टीएमसी और बीजेपी के बीच सीधी टक्कर थी. तब टीएमसी ने 22 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि बीजेपी ने 18 सीटों पर कब्जा जमाया था.
2 सीटों के ऑफर की वजह? देख लीजिए आंकड़े
2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने बहरामपुर और मालदा दक्षिण सीट पर जीत दर्ज की थी. वहीं, 34 सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों को 10 फीसदी से कम वोट मिले थे और इनमें से ज्यादातर प्रत्याशियों का वोट प्रतिशत तो 2 के आसपास था. कांग्रेस को मुर्शिदाबाद सीट पर 25 फीसदी वोट मिले थे, लेकिन उसे हार का सामना करना पड़ा था. कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही थी, जबकि टीएमसी ने जीत दर्ज की थी.
कांग्रेस को मालदा उत्तर सीट पर 22.52 फीसदी वोट मिले थे और वो तीसरे नंबर पर रही थी. इस सीट पर बीजेपी ने जीत दर्ज की थी और दूसरे नंबर पर टीएमसी रही थी. इसके अलावा जंगीपुर लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने 19.61 फीसदी वोट हासिल किया, लेकिन यहां भी वह तीसरे नंबर पर रही. इस सीट पर टीएमसी ने जीत दर्ज की और बीजेपी दूसरे नंबर पर रही थी. ऐसे में इसकी उम्मीद कम ही है कि ममता बनर्जी इन तीनों सीटों को छोड़ेंगी और कांग्रेस को देंगी.
साभार