भारत के खिलाफ ना खेलने पर पाकिस्तान को नहीं मिला किसी का समर्थन, आईसीसी पर सबकी निगाहें
पाकिस्तानी सरकार ने अपनी टीम को आगामी टी20 वर्ल्ड कप में 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने को कहा है. इस मामले में पाकिस्तान बैकफुट पर नजर आ रहे है. वहीं फैंस की नजरें आईसीसी पर हैं.
जब से पाकिस्तानी सरकार ने ऐलान किया है कि पाकिस्तानी टीम 7 फरवरी से शुरू होने जा रहे टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मुकाबला नहीं खेलेगी, तभी से फैंस की नजरें आईसीसी पर हैं कि क्रिकेट की शीर्ष निकाय की तरफ से क्या फैसला लिया जाता है. इस बीच पाकिस्तानी टीम वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने के लिए श्रीलंका लैंड कर चुकी है. वहीं भारतीय टीम भी तैयार है. इन सबके बीच सूत्रों ने एनडीटीवी को मंगलवार को बताया कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से कई बोर्डों को संपर्क किया गया है, लेकिन उसे किसी से भी समर्थन नहीं मिल रहा है.
पाकिस्तान को नहीं मिला समर्थन
T20 वर्ल्ड कप विवाद में एक नया मोड़ आया, क्योंकि पाकिस्तान ने टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की पुष्टि तो कर दी है, लेकिन कहा है कि वो भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करेंगे. भारत और पाकिस्तान का मैच 15 फरवरी को होना है, लेकिन पाकिस्तान सरकार के इस फैसले से स्थिति और जटिल हो गई है. इस बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बीते कई दूसरे बोर्ड से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी से भी सपोर्ट नहीं मिला. पाकिस्तान ने अभी तक ICC से संपर्क नहीं किया है.
क्या फैसला लेगी आईसीसी
आईसीसी क्या फैसला लेगी, इसको लेकर सवाल है. आईसीसी ने बीते दिनों प्रेस रिलीज जारी की थी और पाकिस्तान से उसके स्टैंड पर दोबारा सोचने पर विचार किया था. आईसीसी ने भी साफ किया था कि पीसीबी की तरफ से उसे कोई जानकारी नहीं मिली है. रिपोर्ट्स की मानें तो इस मसले पर आईसीसी की मीटिंग होनी है, लेकिन यह मीटिंग कब होगी, इसको लेकर स्थिति अभी तक साफ नहीं हैं. इस बीच आईसीसी के पूर्व अध्यक्ष एहसान मणि की मानें तो इस मामले में पाकिस्तानी को शायद ही किसी बैन का सामना करना पड़े.
साभार