मध्य प्रदेश के पांचों राज्यसभा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित, प्रदेश के चार नेता पहली बार चुने जाएंगे सांसद
मध्य प्रदेश से राज्यसभा के सभी पांच प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं, बीजेपी को चार सीटें मिली हैं, जबकि कांग्रेस को एक सीट मिली है. पांच में से चार प्रत्याशी पहली बार राज्यसभा जा रहे हैं.
मध्य प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए बीजेपी और कांग्रेस के प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं, दरअसल, राज्यसभा चुनाव के लिए मंगलवार दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी का समय था, लेकिन किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया, ऐसे में किसी अन्य प्रत्याशी के न होने की वजह से सभी को निर्विरोध निर्वाचित किया गया है, पांच में से चार सीटें बीजेपी को मिली हैं, जबकि एक सीट कांग्रेस को मिली है.
4 सीटें बीजेपी को 1 सीट कांग्रेस को मिली
मध्य प्रदेश से राज्यसभा की पांच सीटें खाली हुई थी, विधानसभा में विधायकों की संख्या बल के हिसाब से बीजेपी को चार और कांग्रेस को 1 सीट मिली है. खास बात यह है कि दोनों ही पार्टियों ने सीटों के हिसाब से प्रत्याशी उतारे थे, बीजेपी ने चार प्रत्याशी खड़े किए थे, जबकि कांग्रेस ने केवल एक प्रत्याशी उतारा था. ऐसे में मंगलवार तक नाम वापसी का समय निकलने के बाद निर्वाचन पदाधिकारील ने सभी प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित कर दिया और उन्हें राज्यसभा सांसद का प्रमाण पत्र सौंप दिया.
बीजेपी की तरफ से केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन, बंशीलाल गुर्जर, माया नारोलिया और उमेश नाथ महराज राज्यसभा के लिए चुने गए हैं, वहीं कांग्रेस की तरफ से अशोक सिंह राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुन लिए गए हैं. इनमें से केवल केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन दूसरी बार राज्यसभा जा रहे हैं, जबकि बंशीलाल गुर्जर, माया नारोलिया और उमेश नाथ महराज पहली बार सांसद चुने जाएंगे. इसी तरह से कांग्रेस के अशोक सिंह भी पहली बार उच्च सदन में जाएंगे.
बीजेपी के सभी राज्यसभा प्रत्याशी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ विधानसभा पहुंचे और निर्वाचन पदाधिकारी से सांसद का प्रमाण पत्र लिया. इस दौरान सभी ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर राज्यसभा में निर्विरोध चुने जाने के लिए बधाई दी.
कांग्रेस प्रत्याशी के साथ मौजूद रहे सभी नेता
वहीं कांग्रेस प्रत्याशी अशोक सिंह के साथ भी कांग्रेस के सभी बड़े नेता मौजूद रहे. पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत कई सीनियर विधायक अशोक सिंह के साथ राज्यसभा पहुंचे हुए थे, जहां सभी ने प्रमाण पत्र लेने के बाद जीत का विक्ट्री साइन दिखाया. बता दें कि कमलनाथ को लेकर कांग्रेस में हलचल चल रही थी, लेकिन अशोक सिंह के निर्विरोध निर्वाचित चुने जाने से फिलहाल एमपी कांग्रेस में भी सब आल इज वेल नजर आ रहा है.
इन सांसदों का पूरा हुआ था कार्यकाल
बता दें कि मध्य प्रदेश से पांच सांसदों का कार्यकाल पूरा हुआ है, जिनमें से एल मुरुगन को पार्टी ने दोबारा से राज्यसभा भेजा हैं, जबकि कैलाश सोनी, अजय प्रताप सिंह और धर्मेद्र प्रधान का कार्यकाल पूरा होने के बाद उन्हें रिपीट नहीं किया गया है. वहीं कांग्रेस की तरफ से राजमणि पटेल का कार्यकाल पूरा हुआ था, जिनकी जगह पार्टी ने अशोक सिंह को राज्यसभा भेजा है. अशोक सिंह ग्वालियर चंबल अंचल से आते हैं.
साभार