ये रिंकू सिंह का जलवा है, 176 के स्ट्राइक रेट से ठोका तूफानी शतक, टी20 वर्ल्ड कप से पहले मचाई तबाही

उत्तर प्रदेश टीम के कप्तान रिंकू सिंह ने विजय हजारे ट्रॉफी में चंडीगढ़ के खिलाफ शानदार शतकीय पारी खेली, जिसके दम पर टीम ने 367 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया और जीत दर्ज की.

Dec 26, 2025 - 16:44
 0  8
ये रिंकू सिंह का जलवा है, 176 के स्ट्राइक रेट से ठोका तूफानी शतक, टी20 वर्ल्ड कप से पहले मचाई तबाही

उत्तर प्रदेश के कप्तान रिंकू सिंह ने विजय हजारे ट्रॉफी में चंडीगढ़ के खिलाफ शानदार शतकीय पारी खेली. उनसे पहले यूपी के ओपनर बल्लेबाज आर्यन जुयाल ने 134 रन बनाए थे, जिसके दम पर टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 367 रनों का विशाल स्कोर बनाया. लक्ष्य का पीछा करते हुए चंडीगढ़ टीम 140 रनों पर ढेर हो गई

रिंकू सिंह की कप्तानी में उत्तर प्रदेश ने पहला मैच हैदराबाद के खिलाफ 84 रनों से जीता था, उसमें भी टीम ने 300 से अधिक रन बनाए थे. राजकोट में आज चंडीगढ़ के खिलाफ भी पहले बल्लेबाजी करते हुए यूपी के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया. यूपी इलीट बी ग्रुप में टॉप स्थान पर है.

रिंकू सिंह ने 60 गेंदों में बनाए 106 रन

यूपी का पहला विकेट अभिषेक गोस्वामी (1) के रूप में जल्दी गिर गया था, उसके बाद आर्यन जुयाल और ध्रुव जुरेल (67) के बीच 96 रनों की साझेदारी हुई. जुयाल ने 118 गेंदों में 134 रन बनाए. इसके बाद रिंकू सिंह ने धांसू पारी खेली. रिंकू ने 56 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. 

रिंकू सिंह ने 60 गेंदों में 176.67 की स्ट्राइक रेट से ताबड़तोड़ 106 रन बनाए. इस पारी में रिंकू ने 4 छक्के और 11 चौके जड़े. आर्यन और रिंकू के शतक की बदौलत उत्तर प्रदेश टीम ने 367 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया.

उत्तर प्रदेश के लिए जीशान अंसारी ने गेंदबाजी में कमाल किया, उन्होंने 7 ओवरों में सिर्फ 29 रन देकर 4 विकेट लिए. विपराज निगम ने 2 विकेट चटकाए. चंडीगढ़ की पूरी टीम 140 रनों पर सिमट गई. उत्तर प्रदेश ने ये मुकाबला 227 रनों के बड़े अंतर से जीता.

टी20 वर्ल्ड कप टीम में शामिल हैं रिंकू सिंह

रिंकू सिंह ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि चयनकर्ताओं ने उन्हें टी20 वर्ल्ड कप टीम में शामिल करके अच्छा फैसला लिया है. 28 वर्षीय रिंकू सिंह के इंटरनेशनल रिकॉर्ड की बात करें तो उन्होंने 35 टी20 मैचों में खेली 25 पारियों में 550 रन बनाए हैं, उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 69 का है. टी20 इंटरनेशनल में वह 3 अर्धशतकीय पारी खेल चुके हैं.

साभार