शुभमन गिल को इंग्लैंड दौरे से लौटते ही मिली बड़ी जिम्मेदारी, अब इस टीम की संभालेंगे कप्तानी
भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल को इंग्लैंड के दौरे से लौटते ही एक और बड़ी जिम्मेदारी मिली है, जिसमें वह आगामी दलीप ट्रॉफी के सीजन में नॉर्थ जोन टीम की कप्तानी संभालेंगे जिसके स्क्वाड का ऐलान कर दिया गया है।
भारतीय टीम के खिलाड़ी इंग्लैंड का दौरा खत्म होने बाद जहां देश वापस लौट रहे हैं तो वहीं अब टीम इंडिया को अपनी अगली इंटरनेशनल सीरीज सितंबर महीने में खेलनी है। वहीं अगस्त महीने के आखिर में भारतीय घरेलू सीजन की शुरुआत हो जाएगी और 28 अगस्त से दलीप ट्रॉफी का आगाज होगा। इसको लेकर नॉर्थ जोन की स्क्वाड का ऐलान कर दिया गया है और उसमें टीम इंडिया के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल का नाम भी शामिल है जिन्होंने खुद की उपलब्धता तय बताई है।
शुभमन गिल संभालेंगे कप्तानी की जिम्मेदारी
दलीप ट्रॉफी 2025 के लिए नॉर्थ जोन के स्क्वाड की कप्तानी की जिम्मेदारी शुभमन गिल संभालते हुए नजर आएंगे। गिल का बतौर कप्तान टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू काफी शानदार देखने को मिला है जिसमें वह इंग्लैंड के दौरे पर बल्ले से जहां रिकॉर्ड 754 रन बनाने में कामयाब हुए तो वहीं उनके नेतृत्व में टीम इंडिया ने सीरीज को 2-2 की बराबरी पर भी खत्म किया। दलीप ट्रॉफी के लिए घोषित हुई नॉर्थ जोन के स्क्वाड को लेकर बात की जाए तो उसमें गिल के अलावा अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और अंशुल कंबोज का नाम भी शामिल है। नॉर्थ जोन की टीम 28 अगस्त को ईस्ट जोन के खिलाफ मुकाबला खेलेगी।
दलीप ट्रॉफी 2025 के लिए नॉर्थ जोन का स्क्वाड
शुभमन गिल, शुभम खजूरिया, अंकित कुमार, आयुष बडोनी, यश ढुल, अंकित कलसी, निशांत सिंधु, साहिल लोत्रा, मयंक डागर, युद्धवीर सिंह चरक, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, अंशुल कंबोज, औकिब नबी, कन्हैया वधावन।
गिल का पूरे टूर्नामेंट में खेलना मुश्किल
शुभमन गिल का दलीप ट्रॉफी 2025 के पूरे सीजन में खेलना मुश्किल दिख रहा है क्योंकि सितंबर महीने में होने वाले एशिया कप के लिए टीम इंडिया की स्क्वाड में उनका चुना जाना लगभग तय है। ऐसी स्थिति में गिल को बीच टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ सकता है और इस स्थिति में उनकी जगह पर शुभम रोहिल्ला को उनकी जगह पर स्क्वाड में शामिल किया जा सकता है।
साभार