संसदीय समिति: शशि थरूर को फिर बड़ा पद, कीर्ति आजाद को झटका, JDU को क्या मिला?
शशि थरूर को विदेश मामलों की संसदीय समिति का अध्यक्ष फिर से नियुक्त किया गया है. वहीं, संजय कुमार झा परिवहन संबंधी संसदीय समिति के अध्यक्ष फिर से नियुक्त हुए हैं.
संसद के दोनों सदनों, लोकसभा और राज्यसभा ने शनिवार (3 अक्टूबर, 2026) को इस साल के लिए अपने विभाग-संबंधी संसदीय स्थायी समितियों का फिर से गठन किया है. इसमें तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर को एक बार फिर से बड़ा पद दिया गया है. संसद की तरफ से स्थायी समितियों के पुनर्गठन प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस सांसद शशि थरूर को विदेश मामलों की संसदीय समिति का अध्यक्ष फिर से नियुक्त किया गया है.
इसके साथ ही, पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के लोकसभा सांसद अनुराग ठाकुर कोयला, खान और इस्पात से जुड़ी समिति के अध्यक्ष पद पर बरकरार रहेंगे, जबकि JDU से राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा को भी एक बार फिर से परिवहन संबंधी संसदीय समिति के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है
काकोली घोष इन, कीर्ति आजाद आउट
वहीं, इस प्रक्रिया के दौरान ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) से लोकसभा सांसद कीर्ति आजाद को बड़ा झटका लगा है. कीर्ति आजाद इससे पूर्व रसायन और उर्वरक संबंधी संसदीय समिति के अध्यक्ष थे, लेकिन इस साल उनके स्थान पर TMC की बागी सांसद काकोली घोष दस्तीदार को समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.
इसके अलावा, वाणिज्य संबंधी संसदीय समिति के अध्यक्ष के रूप में TMC की राज्यसभा सांसद डोला सेन की जगह इस साल भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी को नियुक्त किया गया है.
इन सांसदों को फिर से मिली जिम्मेदारी
संसद के दोनों सदनों की तरफ से कई सांसदों को एक बार फिर से पूर्व में मिली जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसमें भाजपा सांसद निशिकांत दुबे को संचार और सूचना प्रौद्योगिकी पर संसदीय समिति का प्रमुख फिर से नियुक्त किया गया, कांग्रेस सांसद चरणजीत चन्नी कृषि संबंधी समिति के प्रमुख बने रहेंगे. सपा सांसद राम गोपाल यादव स्वास्थ्य और परिवार कल्याण संबंधी समिति के अध्यक्ष पद पर बरकरार रहेंगे और कांग्रेस के मुकुल वासनिक को एक बार फिर से शिक्षा, महिला, बाल और युवा मामलों संबंधी संसदीय समिति के अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया है.
इसके अलावा, DMK सांसद तिरुचि शिवा उद्योग संबंधी संसदीय समिति के अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं और भाजपा के सुजीत कुमार कार्मिक, लोक शिकायत, कानून और न्याय संबंधी संसदीय समिति के अध्यक्ष चुने गए हैं.
साभार