सपा ने जारी की 16 लोकसभा कैंडिडेट की लिस्ट तो भड़की कांग्रेस, अखिलेश बोले-टेंशन न लें, आराम से होगा गठबंधन
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा है कि समाजवादी पार्टी जो कर रही है वह खतरनाक है. वहीं अखिलेश यादव ने कहा है कि इसमें कोई चिंता की बात नहीं है और विपक्षी गठबंधन आराम से होगा.
यूपी में कांग्रेस ने जाहिर की नाराजगी.
कांग्रेस ने कहा- हमारी बातचीत है जारी.
उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी द्वारा लोकसभा चुनाव के लिए 16 प्रत्याशियों की घोषणा का मुद्दा तूल पकड़ता नजर आ रहा है. समाजवादियों की 16 प्रत्याशियों की लिस्ट पर कांग्रेस ने नाराजगी व्यक्त की है. उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा है कि समाजवादी पार्टी जो कर रही है वह खतरनाक है. वहीं अखिलेश यादव ने कहा है कि इसमें कोई चिंता की बात नहीं है और विपक्षी गठबंधन आराम से होगा.
अविनाश पांडे ने लगाए आरोप
अविनाश पांडे ने कहा-ये थोड़ा हास्यास्पद है. गठबंधन क्या है...ये आपसी समझौता है. जब हम बीजेपी को हराना चाहते हैं तो हम सबको सीट या रणनीति के संदर्भ में समन्वय करना होगा. कांग्रेस अगर यह कहे कि हमने समाजवादी पार्टी को इतनी सीट दी या फिर समाजवादी पार्टी ऐसा कहे तो यह हास्यास्पद है. हम राष्ट्रीय पार्टी हैं. हमारी एक पहचान है. हमारी यहां पर मजबूत जड़ें हैं. संगठन स्तर पर अगर हमें कोई कम आंके तो हमें कहना है कि इस गलतफहमी में न रहें. कांग्रेस बहुत मजबूत रही है. आने वाले दिनों में आप देखेंगे कि हम और मजबूत बनकर निकलेंगे. अब अगर समाजवादी पार्टी या फिर कोई और यह कहता है कि उन्होंने कांग्रेस को सीटें दीं तो यह बहुत हास्यास्पद है
पांडे ने कहा-गठबंधन में फैसला एकतरफा नहीं होता. गठबंधन में शामिल सभी दलों का विचार अहम होता है. समाजवादी पार्टी के साथ ससम्मान हमारी बातचीत चल रही है. ऐसे में बाहर इस प्रकार के ट्वीट या बयान से निश्चित तौर पर एक प्रश्नचिन्ह खड़ा होता है. सकारात्मक चर्चाएं शुरू हैं लेकिन सीट या कैंडिडेट्स को लेकर कोई एकमत बना हो, ऐसा अभी नहीं है. समाजवादी पार्टी द्वारा ऐसा किया जाना निश्चित रूप से एकतरफा है.
अखिलेश ने कहा- हमारी तरफ से कोई आपत्ति नहीं
दूसरी तरफ इस मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा है-इस मुद्दे पर कोई चर्चा न करें. गठबंधन होगा और सीटों पर भी सहमति बनेगी. हमारी कोशिश है कि बीजेपी का जल्द सफाया हो. सबसे महत्वपूर्ण है कि 2024 में लोकतंत्र बचाने का चुनाव है. अपना और आने वाली पीढ़ियों को बचाने का चुनाव है. पीडीए ही एनडीए को हराएगा. सपा का मानना बिल्कुल साफ है कि जो प्रत्याशी बीजेपी के कैंडिडेट को हरा देगा, उसे सीट मिलेगी. हमारी किसी भी सीट और प्रत्याशी को लेकर कोई आपत्ति नहीं है.
साभार