सियासी पिच पर उतरे यूसुफ पठान, कीर्ति को भी टिकट, अब सबकी नजरें मोहम्मद शमी पर!

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी ने लोकसभा चुनाव के लिए राज्य के 42 सीटों के लिए सभी उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया. उन्होंने 10 मार्च के कोलकाता के ब्रिगेड मैदान पर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की.

Mar 10, 2024 - 19:26
 0  33
सियासी पिच पर उतरे यूसुफ पठान, कीर्ति को भी टिकट, अब सबकी नजरें मोहम्मद शमी पर!

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की नेता ममता बनर्जी ने लोकसभा चुनाव के लिए राज्य के 42 सीटों के लिए सभी उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया. उन्होंने 10 मार्च के कोलकाता के ब्रिगेड मैदान पर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की. ममता बनर्जी ने सबको हैरान करते हुए भारत के पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान को भी मैदान में उतारा है. यूसुफ कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी की सीट बहरामपुर सीट से लड़ेंगे. अगर कांग्रेस पार्टी अधीर रंजन को उनकी ही सीट से उतारती है तो दोनों के बीच मुकाबला होगा.

टीएमसी ने कीर्ति आजाद को दिया टिकट

दूसरी ओर, टीएमसी ने पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद को बर्धमान दुर्गापुर सीट से चुनाव लड़ाने का फैसला किया है. कीर्ति आजाद 1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रहे हैं. वह भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और कांग्रेस में रह चुके हैं. कीर्ति आजाद ने 2014 में बीजेपी के टिकट पर बिहार के दरभंगा से चुनाव लड़ा था. तब उन्होंने जीत हासिल की थी. उसके बाद 2018 में वह कांग्रेस में शामिल हो गए. वहां से फिर 2021 में टीएमसी में आए. अब ममता बनर्जी ने उन्हें टिकट दे दिया है.

यूसुफ पठान का रिएक्शन

यूसुफ पठान ने एक्स पर लिखा, ''मेरा स्वागत करने और संसद में लोगों की आवाज बनने की जिम्मेदारी मुझ पर सौंपने के लिए मैं श्रीमती ममता बनर्जी और टीएमसी परिवार का आभारी हूं. लोगों के प्रतिनिधियों के रूप में गरीबों और वंचितों का उत्थान करना हमारा कर्तव्य है और मैं यही हासिल करने की उम्मीद करता हूं."

क्या शमी भी लड़ेंगे चुनाव?

यूसुफ पठान और कीर्ति आजाद के बाद अब सबकी नजरें भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी पर है. इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि शमी बीजेपी की टिकट पर बंगाल में किसी सीट से चुनाव लड़ सकते हैं. उत्तर प्रदेश के रहने वाले शमी बंगाल की ओर से घरेलू क्रिकेट में खेलते हैं.

वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम में रहे हैं पठान

यूसुफ पठान दो बार वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के सदस्य रहे हैं. वह 2007 में पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल जीतकर टी20 चैंपियन बनने वाली टीम में थे. इसके बाद पठान 2011 में वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के भी सदस्य रहे थे. भारत ने श्रीलंका के खिलाफ फाइनल जीता था.

कोलकाता से है खास कनेक्शन

यूसुफ पठान का कनेक्शन कोलकाता से काफी खास रहा है. वह यहां की आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) के लिए लंबे समय तक खेले हैं. उन्होंने टीम को दो बार (2012 और 2014) चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी.

यूसुफ पठान का करियर

यूसुफ पठान ने 2007 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था. संयोग से वह भारत और पाकिस्तान के बीच पहले टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मैच था. यूसुफ ने भारत के लिए 57 वनडे में 810 रन बनाए. उन्होंने 22 टी20 मैचों में 236 रन बनाए. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 146.58 का रहा. आईपीएल में पठान ने 174 मैच खेले. इस दौरान उन्होंने 142.97 की स्ट्राइक रेट से 3204 रन बनाए. वह आईपीएल में कोलकाता के अलावा राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए भी खेले हैं.

साभार