सैम करन के रिप्लेसमेंट का हुआ ऐलान, राजस्थान के खेमे में स्टार ऑलराउंडर की एंट्री

IPL 2026 से पहले कई चोटिल खिलाड़ियों ने टीमों को टेंशन में डाल दिया था। इनमें राजस्थान रॉयल्स की टीम भी शामिल हैं। हालांकि, राजस्थान रॉयल्स ने अपने चोटिल खिलाड़ी के रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है

Mar 23, 2026 - 17:46
 0  0
सैम करन के रिप्लेसमेंट का हुआ ऐलान, राजस्थान के खेमे में स्टार ऑलराउंडर की एंट्री

इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स को बड़ा झटका लगा, जब इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर सैम करन चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए। लेकिन टीम ने तुरंत कदम उठाते हुए उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है। राजस्थान रॉयल्स ने आगामी इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के लिए चोटिल सैम करन की जगह श्रीलंका के अनुभवी ऑलराउंडर दसुन शनाका को टीम में शामिल किया है। RR फ्रेंचाइजी ने शनाका को 2 करोड़ रुपये में अपने स्क्वॉड में जोड़ा है। यह फैसला टीम के संतुलन को बनाए रखने के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

इंटरनेशनल क्रिकेट का अच्छा-खासा अनुभव

दसुन शनाका का इंटरनेशनल करियर काफी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने श्रीलंका के लिए 6 टेस्ट, 71 ODI और 131 T20 मैच खेले हैं। इस दौरान उनके नाम 3350 से ज्यादा रन और 86 विकेट दर्ज हैं, जो उन्हें एक भरोसेमंद ऑलराउंडर बनाते हैं। IPL अनुभव की बात करें तो शनाका पहले भी गुजरात टाइटंस के लिए खेल चुके हैं, जिससे उन्हें इस लीग की परिस्थितियों का अच्छा अनुभव है। राजस्थान रॉयल्स ने सैम करन की कमी को पूरा करने के लिए एक अनुभवी और संतुलित खिलाड़ी को टीम में शामिल किया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि दशुन शनाका IPL 2026 में टीम के लिए कितना असरदार साबित होते हैं।

राजस्थान रॉयल्स का स्क्वाड: यशस्वी जयसवाल, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, तुषार देशपांडे, क्वेना मफाका, शुभम दुबे, शिमरन हेटमायर, लुआन-ड्रे-प्रिटोरियस, डोनोवन फरेरा, संदीप शर्मा, युद्धवीर चरक, रवींद्र जडेजा, रवि बिश्नोई, सुशांत मिश्रा, यशराज पुंजा, विग्नेश पुथुर, रवि सिंह, अमन राव, ब्रिजेश शर्मा, एडम मिल्ने, कुलदीप सेन और दशुन शनाका। 

IPL 2026 का 28 मार्च से आगाज होगा, लेकिन राजस्थान रॉयल्स 30 मार्च, सोमवार से अपने अभियान का आगाज करेगी। राजस्थान अपने पहले मैच में 5 बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स का सामना करेगी। ये मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। राजस्थान रॉयल्स 2008 में पहली बार चैंपियन बनी थी। तब से टीम खिताब नहीं जीत पाई है। इस सीजन राजस्थान का लक्ष्य खिताबी सूखे को समाप्त करने पर होगा। हालांकि, युवा रियान पराग की कप्तानी में राजस्थान के लिए यह बिलकुल भी आसान नहीं होगा। 

साभार