सोयाबीन की फसल खराब होने पर अन्नदाताओं की गुहार, एक्शन में आए शिवराज ने दिए ये निर्देश

सीहोर जिले के किसान पिछले तीन सप्ताह से लगातार आंदोलनरत हैं. अलग-अलग गांवों में किसान धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपकर प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि उन्हें खराब हुई सोयाबीन फसल का मुआवजा शीघ्र दिया जाए और बीमा योजना का लाभ भी समय पर मिल सके.

Sep 20, 2025 - 17:13
 0  8
सोयाबीन की फसल खराब होने पर अन्नदाताओं की गुहार, एक्शन में आए शिवराज ने दिए ये निर्देश

भोपाल-इंदौर हाईवे पर शनिवार 20 सितंबर की दोपहर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) का इछावर जोड़ पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया. इस दौरान मौके पर मौजूद किसानों ने केंद्रीय कृषि मंत्री को अपनी सोयाबीन की खराब हो रही फसल की स्थिति के बारे में बताया. किसानों ने शिवराज सिंह चौहान से कहा कि लगातार बारिश और मौसम की अनियमितताओं के कारण उनकी फसल बर्बाद हो रही है और वे भारी आर्थिक संकट में हैं.

शिवराज का एक्शन

किसानों की समस्या सुनने के बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तुरंत ही सीहोर कलेक्टर और अधिकारियों को फोन लगाया. इसके साथ ही आदेश दिया कि जिले में प्रभावित फसलों का तत्काल सर्वे कराया जाए. उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि पात्र किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ प्राथमिकता से दिलाया जाए ताकि उनकी आर्थिक हानि की भरपाई की जा सके.

सीहोर जिले के किसान पिछले तीन सप्ताह से लगातार आंदोलनरत हैं. अलग-अलग गांवों में किसान धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपकर प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि उन्हें खराब हुई सोयाबीन फसल का मुआवजा शीघ्र दिया जाए और बीमा योजना का लाभ भी समय पर मिल सके.

किसानों का कहना है कि फसल की हालत बिगड़ने से उनकी सालभर की मेहनत पर पानी फिर गया है और समय रहते मदद नहीं मिली तो उन्हें कर्ज के बोझ तले दबना पड़ेगा.

मंत्री चौहान ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा और सर्वे रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित किसानों को उचित राहत राशि दिलाई जाएगी. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी है और संकट की इस घड़ी में हर संभव मदद दी जाएगी.

साभार