कांग्रेस ने जारी की 39 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, वायनाड से लड़ेंगे राहुल गांधी, राजनांदगांव से भूपेश बघेल को टिकट

कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है. भाजपा की पहली लिस्ट कुछ दिन पहले आ चुकी है. ऐसे में कई सीटों पर चुनावी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है.

Mar 8, 2024 - 20:27
 0  37
कांग्रेस ने जारी की 39 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, वायनाड से लड़ेंगे राहुल गांधी, राजनांदगांव से भूपेश बघेल को टिकट

कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए पहली सूची जारी कर दी है. पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और कोषाध्यक्ष अजय माकन ने इस लिस्ट का ऐलान किया. इस सूची में 39 उम्मीदवारों के नाम शामिल किए गए हैं. इनमें से 15 सामान्य और 24 दलित, एसटी और अल्पसंख्यक हैं. 

वायनाड से फिर राहुल गांधी को टिकट

केसी वेणुगोपाल ने बताया कि वायनाड से राहुल गांधी को दोबारा उम्मीदवार बनाया गया है. राजनांदगांव सीट से छत्तीसगढ़ से पूर्व सीएम भूपेश बघेल को टिकट दिया गया है. बेंगलुरू ग्रामीण से डीके सुरेश को टिकट दिया गया है. 

केरल के कांग्रेसी नेताओं ने सुझाव दिया था कि राहुल गांधी को वायनाड से ही चुनाव लड़ना चाहिए. इस समय वह वायनाड से सांसद हैं. दरअसल, कुछ दिन से इस बात की चर्चा है कि राहुल फिर से अमेठी लौट सकते हैं. यूपी कांग्रेस इसकी मांग कर रही है. 

शशि थरूर तिरुवनंतपुरम से ठोकेंगे ताल

वेणुगोपाल ने बताया कि उम्मीदवारी के लिए उम्मीदवारों के जीतने की संभावना और पार्टी के प्रति वफादारी को सबसे बड़ा क्राइटेरिया बनाया गया. इसी क्राइटेरिया के तहत तहत केरल में पार्टी के सभी 14 मौजूदा सांसदों को दोबारा से मैदान में उतारा गया है. केरल में वायनाड से राहुल गांधी के अलावा तिरुवनंतपुरम से शशि थरूर को टिकट दिया गया है. अलपुझा से केसी वेणुगोपाल को उम्मीदवार बनाया गया. एर्नाकुलम सीट से हिबी एडन को टिकट दिया गया है. 

भूपेश बघेल भी लड़ेंगे लोकसभा का चुनाव

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को राजनांदगांव से टिकट दिया गया है. उनके साथ ही छत्तीसगढ़ में पार्टी के सीनियर लीडर ताम्रध्वज साहू को महासमुंद और कोरबा से ज्योत्सना महंत को भी उम्मीदवार बनाया गया है. कर्नाटक की बेंगलुरु पश्चिम सीट से डी के शिवकुमार के भाई डी के सुरेश को टिकट दिया गया है. लक्षद्वीप से मोहम्मद हमदुल्ला सईद को उम्मीदवार बनाया गया है. 

विंसेंट पाला को शिलांग से टिकट

अजय माकन ने बताया कि तेलंगाना की 4 लोकसभा सीट के उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की गई है. नार्थ ईस्ट से चार उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया है. मेघालय के शिलांग से पूर्व केंद्रीय मंत्री विंसेंट पाला को टिकट दिया गया है. उन्होंने बताया कि नागालैंड से एस एस जमीर, सिक्किम से गोपाल छेत्री, त्रिपुरा वेस्ट से आशीष कुमार साहा को प्रत्याशी घोषित किया गया है.

बाकी सीटों पर विचार के लिए जल्द होगी दूसरी बैठक

सूत्रों के मुताबिक आज दिल्ली, यूपी, राजस्थान, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश की कई सीटों पर भी नाम घोषित होने की संभावना थी. लेकिन इन राज्यों में हरेक सीट पर कई दावेदार होने की वजह से फिलहाल इन राज्यों का ऐलान टाल दिया गया. माना जा रहा है कि 2-3 दिन के अंदर कांग्रेस इलेक्शन कमेटी दूसरी बैठक करके इन सीटों पर उम्मीदवारों के बारे में फैसला ले लेगी.

साभार